27 से 30 अप्रैल के बीच बदलेगा मौसम…बिजली गिरने का खतरा,तापमान में गिरावट के संकेत,हीट वेव का असर भी जारी
अम्बिकापुर,26 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। 27 से 30 अप्रैल के बीच छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक ए.एम.भट्ट के अनुसार,वर्तमान में विभिन्न क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका (ट्रफ) सक्रिय है, जिसके प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम परिवर्तन से पहले शहर में गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। रविवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक रहा। तेज धूप और उमस के कारण दिनभर लोग परेशान रहे और दोपहर के समय सडकों पर आवाजाही कम रही। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और बादल छाने से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
हालांकि, तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों में हीट वेव और गर्म रात (वार्म नाइट) की स्थिति बने रहने की भी चेतावनी दी है। लोगों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur