-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 अपै्रल 2026 (घटती-घटना)। शहर के बीचों-बीच स्थित मुकेश प्लास्टिक एवं पटाखा दुकान में हुई भीषण आगजनी के बाद कांग्रेस ने प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि 23 अप्रैल को सघन आबादी वाले क्षेत्र में स्थित इस दुकान में भारी मात्रा में पटाखों और प्लास्टिक का अवैध भंडारण किया गया था। अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री के कारण लगी आग में दुकान पूरी तरह नष्ट हो गई,वहीं आसपास के कई मकान और दुकानें भी प्रभावित हुईं। कांग्रेस ने मांग की है कि संबंधित संस्थान के संचालक के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए। साथ ही शहर में ऐसे अन्य खतरनाक गोदामों की पहचान कर उन्हें आबादी क्षेत्र से बाहर किया जाए। ज्ञापन में कहा गया कि एक विशेषज्ञ टीम गठित कर नुकसान का आकलन किया जाए और तय समय सीमा में पीडि़तों को मुआवजा दिलाया जाए। कांग्रेस ने यह भी मांग की कि मुआवजा दोषी संचालकों से ही दिलाया जाए। कांग्रेस ने शहर में दमकल व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी उठाई। बढ़ती आबादी और संकरी गलियों को देखते हुए पर्याप्त संसाधन,अग्निरोधी उपकरण और पानी के प्वाइंट उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। साथ ही कर्मचारियों के नियमितीकरण और सेवा शर्तों में सुधार की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल,विनीत विशाल जायसवाल, जमील खान, आशीष वर्मा, चंद्रप्रकाश सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur