Breaking News

रायपुर@सट्टा खिलाकर बाबू खेमानी ने बनाई करोड़ों की प्रॉपर्टी

Share


रायपुर के घर में 5 लग्जरी गाडि़यां मिली,वीआईपी रोड-बागबाहरा में जमीन-दुकान खरीदी
रायपुर,25 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में सट्टे के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी की ब्लैक मनी का बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के जरिए कई प्रॉपर्टी बनाई। पुलिस ने उसके रायपुर स्थित घर में रेड मारी, जहां से 5 लग्जरी कारें मिली है। मामला गंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस को ये भी जानकारी मिली है कि, बाबू खेमानी ने शहर के कई इलाकों में निवेश किया है। आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव के अलावा रविभवन में मोबाइल दुकान,जोरापारा में गोदाम,वीआईपीरोड और महासमुंद-बागबाहरा मेन रोड पर करीब 1 एकड़ जमीन उसके नाम पर दर्ज है। इन सभी संपत्तियों की वैधता की जांच पुलिस कर रही है।
खेमानी के पिता और भाई फरार
जानकारी के मुताबिक,पुलिस टीम ने सर्च वारंट के साथ आमानाका स्थित मारुति एनक्लेव में उसके घर में दबिश दी। मौके पर बाबू खेमानी की पत्नी,भाई करण की पत्नी और उसकी मां मौजूद थीं। पिता और भाई फरार है। पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम की ये संयुक्त कार्रवाई थी। इस दौरान बीएमडब्ल्यू, क्रेटा सहित अन्य लग्जरी कारें और करोड़ों रुपए की संपत्ति से जुड़े डॉक्यूमेंट मिले हैं।
50 से अधिक आईडी इस्तेमाल करते थे : पुलिस के मुताबिक,बाबू उर्फ गुलशन खेमानी और उसका भाई करण ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने के लिए 50 से अधिक आईडी का इस्तेमाल करते थे। इसके लिए कई म्यूल बैंक खातों का भी सहारा लिया जाता था। पुलिस ने बाबू, करण और उनके परिवार के बैंक खातों के लेनदेन की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बाबू पहले महादेव बुक ऐप से जुड़ा था, लेकिन बाद में उसने अपना अलग नेटवर्क खड़ा कर लिया। सोशल मीडिया पर खुद को इन्फ्लुएंसर बताने वाला बाबू इंस्टाग्राम पर वीडियो और रील बनाता था, जिनमें कई आपत्तिजनक कंटेंट भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि राजधानी में सट्टेबाजी का नेटवर्क काफी बड़ा है,जिसमें क्लब,होटल और सराफा कारोबारी तक जुड़े हुए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कडि़यों को जोड़ने में जुटी है और आने वाले दिनों में बड़े खुलासे हो सकते हैं।
पिता और भाई की तलाश जारी
पुलिस ने बाबू खेमानी के साथ उसके पिता ब्रह्मानंद खेमानी और भाई करण खेमानी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@नदी में नहाने गए मामा-भांजी की डूबने से मौत…परिवार में मातम

Share अम्बिकापुर,25 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। शहर से लगे मेन्ड्राकला स्थित नदी में नहाने के दौरान …

Leave a Reply