Breaking News

अम्बिकापुर,@भीषण गर्मी में पशुओं को हीट स्ट्रोक से बचाने एडवाइजरी जारी

Share


पशुपालन विभाग की अपील-छाया,ठंडा पानी और संतुलित आहार का रखें खास ध्यान
अम्बिकापुर,21 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।
सरगुजा जिले में बढ़ती गर्मी और लू के असर को देखते हुए पशुपालन विभाग ने पशुपालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने पशुओं को हीट स्ट्रोक (लू) से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
अतिरिक्त उपसंचालक डॉ. सीके मिश्रा ने बताया कि अधिक तापमान के कारण पशुओं की सेहत पर बुरा असर पड़ता है और दुग्ध उत्पादन भी घट सकता है। ऐसे में थोड़ी सावधानी से पशुपालक अपने पशुओं को सुरक्षित रख सकते हैं और आर्थिक नुकसान से बच सकते हैं। पशुओं को हमेशा ठंडी और हवादार जगह पर रखें। शेड के ऊपर टाट,घास या सफेद पेंट का उपयोग कर तापमान कम किया जा सकता है। दोपहर में पशुओं को धूप में न बांधें। शेड के आसपास छायादार पेड़ होना भी फायदेमंद है। पशुओं को दिन में 3-4 बार ताजा और ठंडा पानी पिलाएं। पानी में नमक, गुड़ या इलेक्ट्रोलाइट मिलाना लाभकारी है। दिन में 1-2 बार पशुओं को नहलाएं। चारा सुबह-शाम दें और आहार में हरा चारा शामिल करें।
लक्षणों को न करें नजरअंदाज : तेज सांस लेना, हांफना,मुंह खोलकर सांस लेना, लार टपकना या सुस्ती दिखना लू के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत सतर्क हो जाएं।
तुरंत करें इलाज
लक्षण दिखने पर पशु को छाया में ले जाकर सिर और गर्दन पर ठंडा पानी डालें। साथ ही नजदीकी पशु चिकित्सक से तुरंत संपर्क करें। पशुपालन विभाग ने किसानों से अपील की है कि भीषण गर्मी में पशुधन की विशेष देखभाल करें, ताकि उनकी उत्पादन क्षमता बनी रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ अंबिकापुर में निजी स्कूल के खिलाफ शिकायत

Share युवा कांग्रेस नेता ने एफआईआर की मांग कीअम्बिकापुर ,21 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। प्रदेश युवा …

Leave a Reply