शपथ के बाद नीतीश के पैर छुए,जेडीयू से विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव डिप्टी सीएम
पटना,15 अप्रैल 2026। सम्राट चौधरी बिहार 24 वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने ईश्वर के नाम पर शपथ ली। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने लोकभवन में सुबह 11 बजे उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। बिहार की नई सरकार में जदयू से विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने भी शपथ ली। दोनों को डिप्टी सीएम बनाया गया है। नीतीश कुमार इस कार्यक्रम में मौजूद थे। बिहार में अभी मंत्रिमंडल का ऐलान नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री के पिता शकुनी चौधरी ने कहा, ‘कभी-कभी ईश्वर की कृपा होती है। हमने कई पार्टियों के लिए पूरी लड़ाई लड़ी, लेकिन सफलता नहीं मिली। आज अमित शाह, नरेंद्र मोदी और नीतीश की कृपा से सम्राट आगे बढ़ गया। मेहनत रंग लाती है जो मेहनत करेगा वही आगे बढ़ेगा।’ सम्राट चौधरी ने सुबह पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा की थी। शपथ से पहले ही उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। सरकार में बदलाव सोमवार को नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद हुआ। वे अब राज्यसभा सदस्य हैं। वे 20 साल बिहार के सीएम रहे।
पीएम ने विजय चौधरी बिजेंद्र यादव को डिप्टी सीएम बनने पर दी बधाई…
पीएम मोदी ने विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को डिप्टी सीएम बनने पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, बिहार के उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले विजय कुमार चौधरी जी और बिजेंद्र प्रसाद यादव जी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं! मुझे पूरा भरोसा है कि इनका जमीनी अनुभव और जनहित को लेकर प्रतिबद्धता बिहार के विकास को नई दिशा और गति देगी।
पीएम मोदी ने सम्राट चौधरी को दी बधाई…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सम्राट चौधरी जी को बहुत-बहुत बधाई और ढेरों शुभकामनाएं! उनकी ऊर्जा, जनसेवा के प्रति समर्पण और जमीनी अनुभव राज्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होने वाला है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके कुशल नेतृत्व में जनता-जनार्दन की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
बिहार की जनता के विश्वास को सर्वोपरि रखते हुए विकास समृद्धि के लिए पूरी निष्ठा से करेंगे कार्य : सम्राट चौधरी
बिहार के 24 वें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी ने सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक की और इसके बाद पहली बार मीडिया से रू-ब-रू हुए। उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य में विकास कार्य पूर्व की तरह ही जारी रहेंगे। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि नई सरकार उसी रास्ते पर चलेगी, जिस पर पहले की सरकार काम कर रही थी। उन्होंने कहा कि बिहार में अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नीतीश कुमार के मॉडल के तहत विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। सम्राट चौधरी ने कहा, ‘बिहार की समृद्धि के लिए आज मुख्यमंत्री पद ग्रहण किया है और आज से ही काम शुरू कर दिया है। पूरी तरह निश्चिंत रहिए, बिहार में मोदी-नीतीश मॉडल ही लागू रहेगा। ‘ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा कि वे बिहार की जनता के विश्वास को सर्वोपरि रखते हुए विकास और समृद्धि के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पू्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित राष्ट्रीय जमतांत्रिक गठबंधन (राजग) नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि उनके मार्गदर्शन में वे सशक्त बिहार के निर्माण के लिए संकल्पित हैं।
नीतीश कुमार को बताया मार्गदर्शक
सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार के ट्वीट का जवाब देते हुए उन्हें मार्गदर्शक बतायाष उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को विकास, सुशासन और स्थिरता की मजबूत नींव मिली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस विरासत को आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह जिम्मेदारी सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और वे सभी के सहयोग से बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur