लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी,मदद के लिए सेना पहुंची,सभी पंजाब के रहने वाले
मथुरा,10 अप्रैल 2026। मथुरा के वृंदावन में 30 पर्यटकों से भरी प्राइवेट नाव यमुना नदी में पलट गई। हादसे में 10 पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई। इनमें 7 महिलाएं और 3 पुरुष हैं। मृतकों में पति-पत्नी और पिता-बेटी शामिल हैं। नाव में सवार सभी पर्यटक बांके बिहारी क्लब के सदस्य थे और पंजाब से घूमने आए थे। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया, हादसा दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ,जो श्रीबांके बिहारी मंदिर से करीब 2 किमी की दूरी पर है। राहत और बचाव कार्य के लिए सेना आ गई है। गाजियाबाद से एनडीआरएफ की टीम भी वृंदावन आ गई है। डीआईजी शैलेश पांडेय ने बताया, पर्यटक 2 नावों में सवार थे। एक पलट गई, जिस पर 25 से 27 लोग सवार थे। 10 लोगों की मौत हुई है। 12 घायलों को बाहर निकाल लिया गया है। 3 से 5 लोगों के अभी लापता होने की सूचना है। रेस्क्यू टीम लगातार सर्च कर रही हैं। जिस जगह हादसा हुआ, वहां करीब 30 फीट पानी है। हादसे के बाद नाविक फरार हो गया। शुरुआती जांच से पता चला है कि नाव की क्षमता 15 श्रद्धालुओं की थी, लेकिन नाविक ने 25 लोगों को बिठा लिया था। किसी ने भी लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी। पांटून पुल की रिपेयरिंग कर रहे लोगों और नाविकों ने कुछ लोगों ने बचा लिया था। आर्मी इंजीनियरिंग कोर के सूबेदार अखिलेश पांडेय ने बताया..अगर पर्यटकों ने लाइफ जैकेट पहन रखी होती तो बचने के लिए उन्हें समय मिल जाता। लाइफ जैकेट के साथ एक घंटे तक तैर सकते थे। नाव तट से करीब 50 फीट दूर यमुना नदी के बीच में थी। उस वक्त हवा करीब 40 kmph स्पीड से चल रही थी। तेज हवा से नाव अचानक डगमगाने लगी। नाविक कंट्रोल खो बैठा। पर्यटकों ने नाविक से कहा, पुल आने वाला है, रोक लीजिए। लेकिन उसने नहीं रोका। 2 बार नाव टकराने से बची।
उप राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने मथुरा
में नाव दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया
उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा (वृंदावन) में यमुना नदी में हुई नाव दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उप राष्ट्रपति राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, उत्तर प्रदेश के मथुरा में नाव पलटने की घटना से मैं अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं! मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना से वह दुखी हैं। अपनों को खोने वाले लोगों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं! वह घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता कर रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur