-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में रघुनाथपुर चौकी पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में शामिल मुख्य सप्लायर को उड़ीसा से गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा पूर्व में इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जिनके कब्जे से 4 किलोग्राम अवैध गांजा, घटना में प्रयुक्त आई-20 कार, 6 मोबाइल सहित कुल लगभग 4 लाख 86 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि वे गांजा उड़ीसा के सुंदरगढ़ निवासी नंदकुमार साहू उर्फ नंदा से खरीदकर लाते थे और स्थानीय स्तर पर बेचते थे। आरोपियों की निशानदेही और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने सप्लायर नंदकुमार साहू (36 वर्ष) को उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर की गई। पुलिस को 26 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आई-20 कार में सवार कुछ लोग गांजा लेकर गंगापुर में बिक्री करने वाले हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को मौके से पकड़ा था। गिरफ्तार आरोपियों में हेमसागर यादव, खीरो यादव, भूपेंद्र यादव और मुरारी लाल चौबे शामिल हैं। इनसे पूछताछ के बाद सप्लायर तक पहुंच बनाई गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आर.एन. पटेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur