अजिरमा और दर्रीपारा में दबिश,लंबे समय से इंजेक्शन बेच रही युवती भी गिरफ्तार
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 76 नग नशीले इंजेक्शन जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में की गई। आबकारी टीम ने 2 अप्रैल को गश्त के दौरान अजिरमा बुधवारी बाजार स्थित पानी टंकी के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पूरनम विश्वकर्मा, निवासी कटकोना पटना जिला सूरजपुर बताया,जो वर्तमान में अंबिकापुर के कालीघाट क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। उसके पास से प्लास्टिक झोले में रखे 22 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 22 नग एविल इंजेक्शन बरामद किए गए।
दर्रीपारा में युवती गिरफ्तार : 3 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर टीम ने जेल तालाब दर्रीपारा में घेराबंदी कर आराधना नामक युवती को पकड़ा। उसके पास से 20 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 12 नग एविल इंजेक्शन जब्त किए गए। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से इस क्षेत्र में नशीले इंजेक्शन बेच रही थी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई : दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (सी) के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इलाके में बढ़ रहा नशे का असर : कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि जेल तालाब क्षेत्र नशेडिय़ों का अड्डा बनता जा रहा है, जिससे आसपास का माहौल खराब हो रहा है। लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई।
टीम की अहम भूमिका : इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, मुख्य आरक्षक कुमारूराम, अशोक सोनी,नगर सैनिक रणविजय सिंह सहित महिला सैनिक चंद्रावती,राजकुमारी सिंह और नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सहायक जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि सरगुजा को नशा मुक्त बनाने के लिए टीम लगातार कार्रवाई कर रही है और इस मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur