पूण्य सप्ताह की शुरुआत, महागिरिजाघर में विशेष प्रार्थना व मिस्सा

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 मार्च 2026 (घटती-घटना)। चालीस दिवसीय उपवास के अंतिम चरण ‘पुण्य सप्ताह’ की शुरुआत पर रविवार को नवापारा स्थित बेदाग ईश माता महागिरिजाघर में रोमन कैथोलिक मसीहियों ने श्रद्धा और आस्था के साथ खजूर रविवार (पाम संडे) मनाया। इस अवसर पर शोभायात्रा भी निकाली गई। सुबह 6 बजे धर्मप्रांत सरगुजा के धर्माध्यक्ष बिशप डॉ. अंतोनिस बड़ा के नेतृत्व में खजूर की डालियों की आशीष प्रार्थना सम्पन्न हुई। इसके बाद श्रद्धालु खजूर की डालियां हाथ में लेकर महागिरिजाघर प्रांगण से सेंट जेवियर स्कूल व बीएड कॉलेज परिसर होते हुए पुनः गिरिजाघर पहुंचे। गिरिजाघर में प्रार्थना सभा एवं समारोही मिस्सा बलिदान का आयोजन किया गया। इस दौरान बिशप अंतोनिस बड़ा के साथ पल्ली पुरोहित फादर विलियम उर्रे व फादर जॉर्ज ग्रे कुजूर ने संयुक्त रूप से धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न कराया।
नम्रता और त्याग का संदेश
अपने संदेश में बिशप ने कहा कि खजूर रविवार से शुरू होकर कू्रस मरण और पुनरुत्थान की यात्रा हमें नम्रता और त्याग का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में एक ‘येरूसलेम’ होता है, जहां मसीह प्रवेश करना चाहते हैं, लेकिन यह हम पर निर्भर करता है कि हम उनका स्वागत करते हैं या नहीं।
बाइबल पाठ और भक्ति गीत
कार्यक्रम में पवित्र बाइबल का वाचन डॉ. अजय तिर्की और सरिता मिंज ने किया। महुआपारा के श्रद्धालुओं ने भक्ति गीत-संगीत की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर फादर ज्ञान, फादर थेओदोर लकड़ा, फादर जॉन जयसवाल कुजूर, फादर संतोष सहित कैथोलिक सभा, महिला संघ, युवा संघ के पदाधिकारी, होलीक्रॉस, उर्सुलाइन व संत अन्ना सिस्टर्स तथा बड़ी संख्या में मसीही समाज के लोग उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur