Breaking News

सूरजपुर@विश्रामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई…बैंक सेंधमारी और मोबाइल दुकान चोरी के आरोपी गिरफ्तार

Share

ग्रामीण बैंक में सेंधमारी का प्रयास करने वाला आरोपी पकड़ा,गैरेज से चोरी किए 1 लाख के सामान भी बरामद

-संवाददाता-
सूरजपुर,09 मार्च 2026 (घटती-घटना)।
जिले में चोरी और सेंधमारी की घटनाओं के खुलासे में विश्रामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए ग्रामीण बैंक कुम्दा में सेंधमारी का प्रयास करने वाले एक आरोपी तथा मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का माल भी बरामद किया है।


ग्रामीण बैंक कुम्दा में सेंधमारी का प्रयास-ग्रामीण बैंक कुम्दा के शाखा प्रबंधक धीरेन्द्र मौर्य ने 5 मार्च 2026 को थाना विश्रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 मार्च की शाम बैंक बंद कर घर चले गए थे और 4 मार्च को होली अवकाश था, 5 मार्च की सुबह बैंक के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी नामिक दास ने बैंक खोलने पर देखा कि बैंक के पीछे वॉल्ट रूम की दीवार में सेंध लगी हुई है। सूचना मिलने पर बैंक प्रबंधन ने अंदर जाकर देखा तो लॉकर का हैंडल टूटा हुआ था और सीसीटीवी कैमरे का तार काटा गया था, रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए), 324(4), 62 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस-मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने अज्ञात आरोपी को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज की जांच की और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कुम्दा कॉलोनी से संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया, पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेन्द्र चतुर्वेदी (45 वर्ष), निवासी भटलु थाना बिछिया जिला रीवा (मध्यप्रदेश), वर्तमान निवासी कुम्दा कॉलोनी बताया।
आरोपी ने कबूल किया अपराध- पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 5 मार्च की रात करीब 1 बजे से 2ः30 बजे के बीच बैंक में सेंधमारी का प्रयास किया, वह बैंक की छत के रास्ते आंगन में कूदकर अंदर पहुंचा, सीसीटीवी कैमरे का तार काटा और सब्बल से दीवार तोड़कर तिजोरी खोलने का प्रयास किया, हालांकि तिजोरी नहीं खुली और उसका हैंडल टूट गया,जिसके बाद आरोपी वहां से फोटो लेकर फरार हो गया,पूछताछ में आरोपी ने 4 मार्च की रात नरेश के गैरेज का ताला तोड़कर करीब 1 लाख रुपये कीमत के 36 सामान चोरी करने की बात भी कबूल की,पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त सब्बल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल दुकान सेंधमारी मामले का भी खुलासा-इसी तरह एक अन्य मामले में श्रीराम मोबाइल शॉप विश्रामपुर में सेंधमारी कर मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है, दुकान संचालक अमित सिंह ने 1 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 फरवरी की रात दुकान बंद करने के बाद अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर देखा कि पीछे की दीवार में सेंध लगाकर 17 नए मोबाइल और रिपेयरिंग के लिए आए 10 पुराने मोबाइल चोरी कर लिए गए हैं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
2 लाख 70 हजार के मोबाइल बरामद
8 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू और विमल उर्फ नान बाउ चोरी के मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रहे हैं,पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की,जिसमें उन्होंने चोरी की घटना कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि 27 फरवरी की रात गैंता से दुकान की दीवार तोड़कर मोबाइल चोरी किए थे, पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 27 मोबाइल फोन (कुल कीमत लगभग 2 लाख 70 हजार रुपये) और घटना में प्रयुक्त गैंता बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
-अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू (22 वर्ष) निवासी तलवापारा शिवनंदनपुर
-विमल उर्फ नान बाउ (21 वर्ष) निवासी तलवापारा शिवनंदनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
दोनों मामलों के खुलासे में थाना प्रभारी विश्रामपुर प्रकाश राठौर, एएसआई विशाल मिश्रा, गुड्डू कुशवाहा,प्रधान आरक्षक जयप्रकाश तिवारी,नवीन सिंह,सोहर लाल पावले,आरक्षक अखिलेश पाण्डेय,शिवकुमार राजवाड़े,खेलसाय राजवाड़े, कुंदन सिंह,उमेश राजवाड़े, मनोज शर्मा,दिलपाल कसेरा,महिला आरक्षक प्रमिला कुजूर सहित साइबर सेल की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई,पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में चोरी और आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।


Share

Check Also

रायपुर@डीपीआई का आदेश : जिस स्कूल के लिए जारी हुआ पोस्टिंग आदेश,वहीं करनी होगी जॉइनिंग,सभी अभ्यावेदन खारिज

Share रायपुर,27 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण को लेकर डीपीआई ने कड़ा आदेश …

Leave a Reply