-संवाददाता-
कोरिया/पटना,05 मार्च 2026 (घटती-घटना)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामाजिक सरोकार का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए जागृति महिला मंडल के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटना में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, इस आयोजन के माध्यम से महिला संगठन ने रक्तदान महादान को अपना मुख्य संदेश बनाते हुए समाज में सेवा और मानवता का भाव जगाने का प्रयास किया, महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं,जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की उपस्थिति रही, कई लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए सहयोग का हाथ बढ़ाया।

समाज को मिला सकारात्मक संदेश
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित इस रक्तदान शिविर के माध्यम से महिलाओं ने यह संदेश दिया कि वे केवल परिवार की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं,इस आयोजन ने समाज में रक्तदान के महत्व को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं की सामाजिक भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को भी उजागर किया।

कई लोगों ने किया स्वेच्छा से रक्तदान
रक्तदान शिविर में कई लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। रक्तदान करने वालों में व्यवसायी ओमप्रकाश सोनी, रुपेश सोनी,प्रतीक अग्रवाल,आयुष सोनी,शिक्षक आशीष जायसवाल,जीतू साहू,राजकुमार यादव और भोलू यादव प्रमुख रूप से शामिल रहे,रक्तदान करने वाले सभी लोगों को आयोजकों द्वारा सम्मानित किया गया और उनके इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की गई।
महिला मंडल की टीम का रहा विशेष योगदान
इस आयोजन को सफल बनाने में जागृति महिला मंडल की अध्यक्ष मीरा सोनी,उपाध्यक्ष प्रमीला शर्मा,सचिव वंदना शर्मा,कोषाध्यक्ष समीक्षा गुप्ता सहित उषा धनोरिया,उषा सिंह,उर्मिला जायसवाल,चांदनी सोनी,स्मिता कुशवाहा,पूनम सोनी,नीलम पांडे,रेनू मंडल,पुष्पा सिंह और रश्मि तिवारी का विशेष योगदान रहा, कार्यक्रम का संचालन विनोद शर्मा ने किया और सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों द्वारा गणेश प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया,इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत और सम्मान किया गया,आयोजकों ने उपस्थित लोगों को रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी दी और बताया कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है, इस अवसर पर लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
महिलाओं ने दिया समाज सेवा का संदेश
जागृति महिला मंडल की अध्यक्ष मीरा सोनी ने बताया कि हर वर्ष 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक उपलब्धियों को सम्मान देने के उद्देश्य से मनाया जाता है,उन्होंने कहा कि इस वर्ष महिला मंडल ने महिला दिवस को समाज सेवा के साथ जोड़ने का निर्णय लिया और रक्तदान शिविर का आयोजन कर लोगों को एक सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया,उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इसके माध्यम से किसी जरूरतमंद मरीज को जीवनदान मिल सकता है। इसलिए महिलाओं ने स्वयं आगे आकर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक बी.एन. झा उपस्थित रहे,कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष कोरिया देवेंद्र तिवारी, पटना नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष रविशंकर शर्मा,योगेंद्र मिश्रा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे,इसके अलावा कार्यक्रम में विनोद शर्मा, मनोज मंडल,राजेश सोनी,गोलू सोनी,शंकर सोनी,नितिन शर्मा, राजकुमार पांडे, पंडित सुरेश मिश्रा, रुपेश सोनी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur