Breaking News

सूरजपुर@ छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 पर सूरजपुर में सियासी संग्राम

Share


भाजपा ने बताया विकास का रोडमैप,कांग्रेस ने कहा जनता के साथ छल
-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर,24 फरवरी 2026 (घटती-घटना)।
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के 1.72 लाख करोड़ के बजट को लेकर जिले में सत्तापक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं, एक ओर भाजपा इसे विकसित छत्तीसगढ़ 2047 का संकल्प बजट बता रही है,तो वहीं कांग्रेस ने इसे छलावा,झुनझुना और जुमला बजट करार दिया है। छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 पर सूरजपुर में स्पष्ट राजनीतिक विभाजन दिख रहा है,कांग्रेस इसे जनविरोधी और दिखावटी बता रही है,जबकि भाजपा इसे आत्मनिर्भर और विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला मान रही है,अब नजर इस बात पर रहेगी कि बजट की घोषणाएं धरातल पर कितनी प्रभावी साबित होती हैं और जनता को वास्तविक लाभ कितना मिलता है।
नीचे बजट पर आई सभी प्रमुख राजनीतिक प्रतिक्रियाएं क्रमवार प्रस्तुत हैं…
कांग्रेस की प्रतिक्रियाएं…
महिलाओं व आम जनता के साथ छलावाःभगवती राजवाड़े


पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष भगवती राजवाड़े ने कहा कि यह बजट महिलाओं और आम जनता के साथ छल करने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले दो वर्षों में आमजन के हित में कोई ठोस कार्य नहीं किया और चुनावी वादों को भूल गई है।
किसानों के लिए बजट में झुनझुनाःअश्विनी सिंह


पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अश्विनी सिंह ने कहा कि किसानों को इस बजट में कोई ठोस राहत नहीं दी गई। धान खरीदी में अव्यवस्थाओं से परेशान किसानों के लिए बजट में ठोस प्रावधान नहीं दिखता।
शहरों के लिए कुछ नहींःमनोज डालमिया


शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज डालमिया ने कहा कि शहरों में सड़क, नाली और पानी की समस्या गंभीर है, लेकिन बजट में शहरी विकास के लिए कोई नई योजना नहीं है।
ढकोसला बजटःजफर हैदर


ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जफर हैदर ने कहा कि बजट में कुछ भी नया नहीं है, केवल पुरानी योजनाओं को दोहराया गया है। किसान, युवा और मजदूर वर्ग इससे निराश है।
युवा व छात्र विरोधी बजटःआकाश साहू


एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आकाश साहू ने कहा कि प्रदेश में स्कूल और कॉलेज भवन जर्जर हैं, लेकिन उनके सुधार के लिए स्पष्ट योजना नहीं है। बेरोजगारी की समस्या पर भी कोई ठोस रोडमैप नहीं दिखता।
किसान विरोधी बजटःविमलेश तिवारी


छत्तीसगढ़ किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विमलेश तिवारी ने कहा कि उद्योगों और मशीन निर्माण कंपनियों के लिए बड़ी राशि रखी गई है,लेकिन किसानों को सीधा लाभ देने का स्पष्ट प्रावधान नहीं है।
बड़ा आंकड़ा,छोटी राहतःसंजय दोषी


कांग्रेस जिला महामंत्री संजय दोषी ने 1.72 लाख करोड़ के बजट को बड़ा आंकड़ा,छोटी राहत बताया, उन्होंने कहा कि एमएसपी, कर्ज राहत और युवाओं की भर्तियों का कोई स्पष्ट कैलेंडर नहीं है। यह बजट घोषणाओं का संग्रह है,जमीन पर बदलाव का नहीं।
सूरजपुर की उम्मीदों पर फिरा पानी… शशि सिंह ने बजट को बताया छलावा


छत्तीसगढ़ सरकार के वर्ष 2026-27 के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने इसे दिशाहीन और जनविरोधी करार दिया है,उन्होंने कहा कि बजट केवल आंकड़ों और विज्ञापनों तक सीमित है,जबकि आम जनता, किसान और युवाओं के लिए कोई ठोस पहल नहीं दिखती, शशि सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह संभाग से जुड़े क्षेत्र होने के बावजूद सूरजपुर जिले को स्वास्थ्य,मेडिकल कॉलेज और अधोसंरचना के मामले में अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिली,उन्होंने कहा कि किसानों के लिए खाद-बीज, धान बोनस और आय वृद्धि को लेकर स्पष्ट नीति का अभाव है,वहीं महंगाई पर सरकार मौन है, कांग्रेस के अनुसार यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ नहीं,बल्कि विज्ञापनी छत्तीसगढ़ का बजट है।
भाजपा की प्रतिक्रियाएं…
जनआकांक्षाओं का बजटः भूलन सिंह मरावी


प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को सशक्त करने वाला है, उन्होंने कहा कि सिंचाई विस्तार, कृषि अधोसंरचना और ग्रामीण सड़कों के विकास से प्रदेश को नई गति मिलेगी।
आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगाः मुरली मनोहर सोनी


भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने इसे ऐतिहासिक बजट बताया और कहा कि यह गांव, गरीब और किसान केंद्रित है।
युवाओं के सपनों को उड़ान : देव गुप्ता


भाजयुमो जिलाध्यक्ष देव गुप्ता ने इसे अमृत बजट बताया, उन्होंने कहा कि शिक्षा,स्टार्टअप, कौशल विकास और अधोसंरचना विस्तार युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा।
आर्थिक अनुशासन और विकास : रितेश गुप्ता


आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक रितेश गुप्ता ने कहा कि बजट में वित्तीय अनुशासन और विकास का संतुलन है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।
सामाजिक-आर्थिक विकास का बजट : शंकर जिंदी


भाजपा नेता शंकर जिंदी ने कहा कि यह तीसरा बजट प्रदेश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति देने वाला है। कृषक उन्नति योजना,खाद्यान्न सहायता, आवास और ऊर्जा सब्सिडी जैसे प्रावधान सराहनीय हैं।
संतुलित और दूरदर्शी : शशिकांत गर्ग


भाजपा जिला महामंत्री शशिकांत गर्ग ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और उद्योग के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
समावेशी विकास : संदीप अग्रवाल


भाजपा जिला कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल ने कहा कि यह बजट सुशासन और समृद्धि का आधार बनेगा।
आस्था और विकास का संगम : बाबूलाल अग्रवाल


निवृतमान जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने बताया कि मां कुदरगढ़ी धाम को शक्तिपीठ सर्किट में शामिल कर 5 करोड़ का प्रावधान किया गया है और रोपवे निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
किसानों-युवाओं के लिए भरोसे का बजट : राजेश्वर तिवारी


भाजपा जिला मंत्री राजेश्वर तिवारी ने कहा कि कृषक उन्नति योजना, बिजली सब्सिडी और ब्याज-मुक्त ऋण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 ऐतिहासिक और दूरदर्शी : विधायक शकुंतला सिंह


वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 का प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह ने स्वागत करते हुए इसे सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए समर्पित बताया, उन्होंने कहा कि बजट किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और अधोसंरचना विकास को नई दिशा देगा। यह सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की भावना को साकार करने वाला बजट है, विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मजबूत आधार देगा। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@नदी में नहाने गए मामा-भांजी की डूबने से मौत…परिवार में मातम

Share अम्बिकापुर,25 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। शहर से लगे मेन्ड्राकला स्थित नदी में नहाने के दौरान …

Leave a Reply