Breaking News

जयपुर@महाकाल से खाटूश्याम जी जा रहे रहे 5 श्रद्धालुओं की चाकसू के पास सड़क दुर्घटना में मौत

Share


जयपुर,14 फरवरी 2026। कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में महिला सहित 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा चाकसू के टिगरिया मोड़ के पास सुबह करीब 5ः30 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव बुरी तरह गाड़ी में फंस गए। चाकसू थाना एसएचओ मनोहर लाल मेघवाल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
महाकाल दर्शन के बाद खाटूश्यामजी जा रहे थे
पुलिस के मुताबिक मृतक सभी लोग मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी थे। वे उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन करने के बाद सीकर के खाटूश्यामजी मंदिर के लिए रवाना हुए थे। मृतकों की पहचान रेशमा श्रीवास्तव (55) पत्नी अखिलेश श्रीवास्तव, पीयूष राय पुत्र राजेश राय, रजक राहुल पुत्र बबलू रजक, ड्राइवर अनुराग (25) और शानू के रूप में हुई है।
हाईवे पर लगा जाम
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दुर्घटना थाना टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रेलर को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस ने सभी शवों को चाकसू उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।


Share

Check Also

रायपुर@डीपीआई का आदेश : जिस स्कूल के लिए जारी हुआ पोस्टिंग आदेश,वहीं करनी होगी जॉइनिंग,सभी अभ्यावेदन खारिज

Share रायपुर,27 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण को लेकर डीपीआई ने कड़ा आदेश …

Leave a Reply