कोरबा,20 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही 13 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। यह मामला पसान थाना क्षेत्र के ग्राम अमझर का है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पत्नी लंबे समय से उसके दबावपूर्ण शारीरिक संबंध बनाने की जिद से परेशान थी। इसी कारण वह कुछ दिनों पहले अपने रिश्तेदारों के घर चली गई थी। इस दौरान घर में आरोपी और उसकी 13 साल की नाबालिग बेटी अकेले थे। मौका पाकर आरोपी की नियत बिगड़ गई और उसने अपनी ही बेटी के साथ हैवानियत दिखाते हुए दुष्कर्म किया। यह वारदात घर में ही अंजाम दी गई, जब बेटी पूरी तरह असहाय और अकेली थी।
पीडि़ता ने मां को बताई आपबीती
पीडि़ता ने इस जघन्य अपराध के बाद रात में ही अपनी मां को फोन करके पूरी आपबीति सुनाई। मां के लौटने के बाद सुबह दोनों थाने पहुंचीं और पसान पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट (प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्शुअल ऑफेंसेज एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही, पीडि़ता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और उसकी काउंसलिंग की व्यवस्था की जा रही है। यह घटना रिश्तों की पवित्रता को तार-तार करने वाली है। एक पिता, जो बच्चे का संरक्षक और रक्षक होता है, उसी ने अपनी हवस की भेंट अपनी मासूम बेटी को चढ़ा दिया। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गुस्सा है और वे आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur