-संवाददाता-
मनेन्द्रगढ़,16 दिसंबर 2025
(घटती-घटना)।
मनेन्द्रगढ़ स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के 55 वर्षों के इतिहास में पहली बार पूर्व छात्रों का भव्य सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है, यह ऐतिहासिक आयोजन 21 दिसंबर 2025 (रविवार) को सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में संपन्न होगा, कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए विद्यालय के प्राचार्य विनोद शुक्ला ने बताया कि इस सम्मेलन में वर्ष 1983 से 2005 तक विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर चुके भैया-बहिन (पूर्व छात्र) एक साथ जुटेंगे। विद्यालय के सभी पूर्व छात्रों के सहयोग से आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है, जिसकी तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं।
सुबह से शाम तक चलेगा आयोजन
पूर्व छात्र सम्मेलन का शुभारंभ सुबह 8 बजे होगा, जो शाम 6 बजे तक चलेगा,कार्यक्रम के दौरान पूर्व एवं वर्तमान में कार्यरत आचार्यों का सम्मान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति,स्मृतियों और अनुभवों का साझा मंच जैसे विविध आयोजन शामिल रहेंगे।
घोष दल के साथ निकलेगी भव्य शोभायात्रा
सम्मेलन के समापन अवसर पर विद्यालय से घोष दल के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी यह शोभायात्रा भगत सिंह तिराहा, जैन मंदिर, गुरुद्वारा, विवेकानंद चौक,राम मंदिर होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में समाप्त होगी, मार्ग में नागरिकों द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। आयोजन को यादगार बनाने के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार भी बनाए जा रहे हैं।
भावनात्मक जुड़ाव का अवसर
यह सम्मेलन न केवल पूर्व छात्रों के पुनर्मिलन का अवसर होगा, बल्कि संस्कार, शिक्षा और स्मृतियों से जुड़े उस दौर को फिर से जीवंत करेगा, जिसने हजारों विद्यार्थियों के जीवन की दिशा तय की, आयोजकों के अनुसार, यह कार्यक्रम मनेन्द्रगढ़ के शैक्षणिक और सामाजिक इतिहास में एक नई मिसाल कायम करेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur