Breaking News

कटघोरा@चंगाई सभा को लेकर विवाद…हिंदू संगठन और ईसाई समुदाय आमने-सामने

Share


-संवाददाता-
कटघोरा,14 दिसम्बर 2025
(घटती-घटना)।

कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में रविवार को चंगाई सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सुतर्रा गांव में आयोजित चंगाई सभा की शिकायत के बाद ग्रामीणों,हिंदू संगठनों और ईसाई समुदाय के लोगों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मौके पर जमकर हंगामा हुआ। स्थिति बिगड़ती देख दोनों पक्ष कटघोरा थाना पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। हिंदू संगठनों का आरोप है कि विवादित पास्टर बजरंग जायसवाल इससे पहले भी कटघोरा क्षेत्र में चंगाई सभा आयोजित कर चुके हैं। उस दौरान हुए विरोध और हंगामे के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई थी और उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। संगठनों का कहना है कि इसके बावजूद वे अपनी गतिविधियों से बाज नहीं आ रहे हैं। अब कटघोरा छोड़कर सुतर्रा गांव में इसी तरह की सभा आयोजित कर रहे थे। हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि चंगाई सभा के माध्यम से ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि सभा में यह दावा किया जाता है कि गंभीर बीमारियों,कैंसर,संतान न होने जैसी समस्याओं का इलाज चंगाई से संभव है। इन दावों के जरिए ग्रामीणों को प्रभावित किया जा रहा है, जिसे लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। हिंदू संगठनों के एक सदस्य ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो पास्टर बजरंग जायसवाल के साथ बाहर से भी कुछ लोग आए हुए थे,जिनमें महिलाओं की संख्या भी अधिक थी। उनका आरोप है कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा रही है। इसी को लेकर संगठन के लोग थाने पहुंचे और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। दूसरी ओर,ईसाई समुदाय के लोगों का कहना है कि सभा शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित की जा रही थी और अनावश्यक रूप से विवाद खड़ा किया गया। दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच स्थिति काफी देर तक तनावपूर्ण बनी रही। कटघोरा थाना पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। इस दौरान हिंदू महासभा, भारतीय जनता पार्टी, गौ सेवा संगठन और बजरंग दल से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाने में मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा है। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।


Share

Check Also

सूरजपुर@ विश्व रक्तदाता दिवस : कलेक्टर ने किया रक्तदान 29 बार रक्तदान कर मिसाल बने महेश कुमार दोहरे

Share जिला अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित,जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा-संवाददाता-सूरजपुर,14 जून …

Leave a Reply