
जनसमस्या निवारण शिविर में मिले 971 आवेदन,प्राथमिकता से होगा निराकरण
-संवाददाता-
सूरजपुर,14 नवम्बर 2025
(घटती-घटना)।
ओड़गी जनपद अंतर्गत बिहारपुर के शासकीय महाविद्यालय ग्राउंड में आज जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में किया गया। शिविर में मंत्री श्रीमती राजवाड़े और कलेक्टर एस. जयवर्धन ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी, शिविर में विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर कुल 971 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ लें और अपनी समस्याएँ संबंधित अधिकारियों के समक्ष अवश्य रखें। कार्यक्रम में जिला पंचायत के पदाधिकारी, जिला सीईओ, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
आपके गाँव तक पहुँच रहा है पूरा प्रशासन : शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि शासन एवं प्रशासन का लक्ष्य है कि लोगों की समस्याओं का समाधान उनके दरवाज़े पर ही सुनिश्चित किया जाए, उन्होंने कहा ‘आज आपके गाँव में पूरा प्रशासन तंत्र आपकी समस्याओं के निराकरण के लिए उपस्थित है। आप सभी अपनी शिकायतों एवं आवश्यकताओं को निडर होकर अधिकारियों के समक्ष रखें। शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ।’ मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से त्वरित निराकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हर आवेदन की स्थिति पंजीयन क्रमांक से कलेक्टर जनदर्शन पोर्टल पर ट्रैक की जा सकती है। साथ ही बताया कि इन आवेदनों के निराकरण की प्रगति पर साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विशेष चर्चा की जाती है। उन्होंने हितग्राहियों से अपील की कि यदि किसी योजना का लाभ नहीं मिला है या कोई समस्या लंबित है, तो उसका अनिवार्य रूप से पंजीयन कराएं ताकि कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
हितग्राहियों को सामग्री वितरण
शिविर के दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री वितरित की। इनमें श्रवण यंत्र, स्टिक, एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए बच्चों के वजन मापने की मशीनें शामिल थीं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur