दमदार पारी से जितेश शर्मा ने टीम को फाइनल में पहुंचाया
नई दिल्ली,14 जून 2025 । विदर्भ प्रो टी 20 लीग 2025 का पड़ाव अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जहां पहले सेमीफाइनल में जितेश शर्मा की कप्तानी वाली एनईसीओ मास्टर ब्लास्टर ने भारत रेंजर्स को 6 विकेट से हराकर फाइनल में एंट्री कर ली। मैच में जितेश ने शानदार 46 रनों की पारी खेली और टीम को जिताने में अहम भूमिका अदा की। अब फाइनल में एनईसीओ मास्टर ब्लास्टर का सामना पगारिया स्ट्राइकर्स से 15 जून को होगा।
एनईसीओ मास्टर ब्लास्टर के बल्लेबाजों ने दिखाया अच्छा खेल
सेमीफाइनल मैच में भारत रेंजर्स की टीम ने 204 रन बनाए। इसके बाद एनईसीओ मास्टर ब्लास्टर ने इस टारगेट को आसानी से हासिल कर लिया। मास्टर ब्लास्टर के लिए अध्ययन डागा,आर्यन मेश्राम और जितेश शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की। अध्ययन ने 38 गेंदों में 66 रन बनाए,जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल रहे। मेश्राम ने 49 रनों का योगदान दिया। इन बल्लेबाजों के आगे भारत रेंजर्स के गेंदबाज कुछ खास नहीं कर पाए।
जितेश शर्मा ने छक्का लगाकर दिलाई जीत
मैच में जितेश शर्मा ने 22 गेंदों में 46 रन बनाए, जिसमें एक चौका और 6 छक्के शामिल रहे। आखिरी ओवर में एनईसीओ मास्टर ब्लास्टर को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे। कप्तान जितेश ने अपनी पारी के दौरान धैर्य और आक्रमण का शानदार मिश्रण दिखाया। टीम को अंतिम गेंद पर पांच रन चाहिए थे,ऐसे में जितेश ने छक्का जड़कर टीम को जीत दिला दी।
अथर्व तायडे 6 रनों
से शतक से चूके
इससे पहले भारत रेंजर्स की टीम के लिए अथर्व तायडे ने दमदार 94 रनों की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा वरुण बिष्ट ने 50 रन बनाए। इन दोनों के अच्छी पारियों की वजह से ही भारत रेंजर्स ने 204 रनों का स्कोर खड़ा किया। एनईसीओ मास्टर ब्लास्टर के लिए अनमय जायसवाल ने सबसे ज्यादा दो विकेट हासिल किए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur