अंबिकापुर, 06 जून 2025 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग के ग्रामीण क्षेत्रों में झोलाछाप डॉक्टरों की बढ़ती सक्रियता और उनके द्वारा बिना किसी वैध पंजीयन व अनुमति के इलाज करने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग अब सख्त कार्रवाई के मूड में है।
संभागीय संयुक्त संचालक,स्वास्थ्य सेवाएं सरगुजा संभाग,अंबिकापुर द्वारा सरगुजा, कोरिया,जशपुर,बलरामपुर,सूरजपुर एवं मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिलों के समस्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को पत्र जारी कर झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ऐसे अवैध चिकित्सक ग्रामीणों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, जिससे कई बार आपात स्थिति उत्पन्न हो जाती है और जनहानि की संभावना भी बनी रहती है। निर्देशित किया गया है कि जिला एवं विकासखंड स्तर पर स्थानीय प्रशासन की सहायता से संयुक्त टीम गठित कर छापामार कार्रवाई की जाए, साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी नियमित रूप से संभागीय कार्यालय को भेजी जाए, ताकि निगरानी और नियंत्रण की प्रक्रिया प्रभावी रूप से चलती रहे। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि झोलाछाप डॉक्टरों पर नकेल कसने में सफलता मिलेगी और ग्रामीणों को सुरक्षित एवं गुणवाापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल पाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur