अम्बिकापुर,01 मई 2025(घटती-घटना)। भारतीय जनता पार्टी अंबिकापुर द्वारा “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” कार्यक्रम के अंतर्गत संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक भाजपा सरगुजा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता में एवं बिहार के औरंगाबाद जिला अध्यक्ष मुकेश शर्मा के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र रणनीति बनाना था।
बैठक में जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने अपने संबोधन में कहा कि हमने हरियाणा चुनाव में बाहरी प्रदेशों में रह रहे स्थानीय मतदाताओं से संपर्क कर सफलता प्राप्त की थी, उसी प्रकार बिहार चुनाव में भी यह प्रयोग सार्थक सिद्ध होगा। हमें अंबिकापुर एवं आसपास रह रहे बिहार मूल के नागरिकों से वार्ड स्तर पर संपर्क कर उन्हें बिहार जाकर चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। इसके साथ ही अपने रिश्तेदारों एवं परिचितों से दूरभाष के माध्यम से भाजपा के समर्थन की अपील करनी है।
त्रिदिवसीय प्रवास पर पहुंचे औरंगाबाद जिला अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अगर हम अपने यहाँ से संगठित प्रयास करते हैं, तो निश्चित रूप से भाजपा को मजबूती मिलेगी। यह चुनाव केवल राजनीतिक नहीं, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय एकता का भी परिचायक है। सभी कार्यकर्ता संपर्क,संवाद और संगठन के बल पर बिहार में भाजपा के विजय रथ को आगे बढ़ाएं।
बैठक में प्रमुख रूप से पार्षद मनीष सिंह, समालाय मंडल अध्यक्ष कमलेश तिवारी,महामाया मंडल अध्यक्ष मनोज कंसारी,अनिल जायसवाल,विजय सोनी, रमेश जायसवाल,अभिषेक प्रताप सिंह देव,रवि कांत उरांव,दीपक, राहुल त्रिपाठी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur