राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर जिला स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
अंबिकापुर,22 फरवरी 2025 (घटती-घटना)। छाीसगढ़ काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी के तत्वावधान में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय पुलिस लाइन हायर सेकेंडरी स्कूल, अंबिकापुर में किया गया। इस प्रतियोगिता में जिलेभर के विद्यार्थियों ने बढ़-चढकर हिस्सा लिया और विज्ञान एवं नवाचार से जुड़े अपने मॉडलों और विचारों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक परियोजना अधिकारी रविशंकर पांडेय थे।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान केवल एक विषय नहीं है, बल्कि यह सोचने और समझने का एक तरीका है, जो विद्यार्थियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है और समाज की प्रगति में भी योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि आज के छात्र रचनात्मकता और नवाचार में निपुण हैं तथा विज्ञान उनकी सोच को और विकसित करने में सहायक हो सकता है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए यह भी कहा कि यदि वे विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर प्रयोग और अनुसंधान करते रहें, तो वे देश और दुनिया के लिए नई खोजों और तकनीकों का योगदान दे सकते हैं। इस प्रतियोगिता में वर्किंग साइंस मॉडल, स्टेटिक साइंस मॉडल और साइंस पोस्टर मेकिंग जैसी विभिन्न श्रेणियों में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न श्रेणियों में सुमेश्वर गुप्ता, पूजा भगत, अंकिता मेघा केरकेट्टा, नीलक्षी यादव, रणविजय निषाद, शालिनी पैंकरा, वनिशा ताम्रकार, पंकज साहू और हर्ष कुशवाहा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किए। प्रतियोगिता में शामिल छात्रों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की गई। एकेडमिक जिला समन्वयक लीना थॉमस ने इस कार्यक्रम में आभार व्यक्त किया। इस दौरान आराधना तिवारी, विपिन मिश्रा,आशीष वर्मा,सुधा जायसवाल,अक्षय रंजन वर्मा, प्रत्युष दुबे शामिल रहे।
विज्ञान हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वयक कविता राजवंशी ने नेशनल काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संस्था वर्षों से विज्ञान के प्रचार-प्रसार और छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि हमारे जीवन का एक अभिन्न हिस्सा बन चुका है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur