
अम्बिकापुर,13 जुलाई 2023 (घटती-घटना)। अंबिकापुर के शंकर घाट स्थित बांक नदी से आज लाखों की संख्या में कांवरियों का हुजूम जल चढ़ाने कैलाश गुफा के लिए रवाना हुआ है। 80 किलोमीटर की यात्रा कर कांवरिया कैलाश गुफा में जल चढ़ाएं। इस दौरान कानून व्यवस्था बनी रहे ऐसे में खुद सरगुजा पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा कांवरियों के साथ पैदल यात्रा करते नजर आए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वे खुद 80 किलोमीटर का सफल पैदल तय कर कावरियों के साथ उनकी सुरक्षा के लिए कैलाश गुफा जा रहे हैं। वहीं सरगुजा एसपी ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी है कि कांवड़ यात्रा में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। गौरतलब है कि सरगुजा के इतिहास में यह पहला मौका है जब 38 सालों में कोई पुलिस अधीक्षक कावरियों की सुरक्षा के लिए उनके साथ 80 किलामीटर का पैदल यात्रा कर रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा अफसरों की मजिस्टि्रयल ड्यूटी लगाई गई थी। सरगुजा कांवरिया सेवा संघ के तत्वावधान में कांवर पदयात्रा पिछल 38 वर्षों से निकाली जा रही है। इस वर्ष भी गुरुवार को शंकरघाट बांक नदी से जल उठाकर हजारों की संख्या में कावंरिये कैलाश गुफा के लिए रैली की शक्ल में रवाना हुए। कांवरियों का जत्था बुधवार की देर रात से निकलना शुरू हो गया था। कांवर यात्रा में सरगुजा सहित कोरिया, रायगढ़, जशपुर जिले के अलावा सीमावर्ती राज्यों से भी काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कांवर यात्रा में शामिल होने के लिए बुधवार की दोपहर से ही कांवरियों का पहुंचना शुरू हो गया था। गुरुवार की मध्यरात्रि के बाद एक बजे से ही स्थानीय शंकरघाट में बांक नदी से जल उठाने कांवरियों का हुजूम उमड़ पड़ा। हजारों कांवरियों ने शंकरघाट में ही अपना पड़ाव डाल रखा था।
शंकरघाट से नाचते-गाते निकले कांवरिये
सावन महीने में अंबिकापुर स्थित शंकरघाट बांक नदी से जल उठाकर कैलाश गुफा स्थित भगवान कैलाशनाथेश्वर को जलाभिषेक करने का लोगों को पूरे साल इंतजार रहता है। गुरुवार की सुबह भक्तिमय रही। इस दौरान बोलबम… बोलबम… हर-हर महादेव… जय जय शिवशंकर के जयघोष से पूरा माहौल भक्तिमय रहा। कांवरियों का जत्था शंकरघाट से नाचते-गाते उत्साह व उमंग के साथ पावन यात्रा के लिए निकला। सूर्योदय होने से पहले तक कई कांवरिये शहर छोड़ चुके थे। कांवर यात्रा में महिला, पुरूष, बुजुर्ग के साथ-साथ छोटे बच्चों में भी उत्साह देखा गया।
जगह-जगह कांवरियों का किया गया स्वागत
रास्ते भर विभिन्न संगठनों द्वारा कांवरियों का स्वागत, जलपान व नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। यात्रा स्थानीय शंकरघाट से प्रारंभ होकर लुचकी, चेंद्रा, लमगांव होते देर शाम बतौली पहुंची। यहां विश्राम करने के बाद जत्था कैलाश गुफा के लिए रवाना हुआ और शुक्रवार को जलाभिषेक किया।
विभिन्न संगठनों ने निकाली आकर्षक झांकियां
कांवर पदयात्रा के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय रहा। इस दौरान विभिन्न संगठनों द्वारा आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं। भोलेनाथ-पार्वती व भगवान गणेश की जीवंत झांकी निकाली गई। इस दौरान झांकियां आकर्षक का केन्द्र रहीं। वहीं शहर में कांवरियों को जगह-जगह स्वागत भी किया गया।
कर्म के साथ-साथ धर्म का भी पालन
कांवर यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तैयारी की गई थी। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किए गए हैं। वहीं एसपी सुनील शर्मा ने कर्म के साथ-साथ धर्म का पालन किया है। उन्होंने पिले रंग का कुर्ता व सफेद पैजामा कांवरियों के साथ पद यात्रा शुरू की है। उन्होंने कहा कि कर्म के साथ-साथ धर्म का भी पालन कर रहा हूं। कांवर यात्रा के दौरान जगह-जगह सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि शाम तक बतौली पहुंच जाउंगा। वहां पर कांवरियों के शिविर में ही विश्राम करेंगे। उन्होंने कहा कि शुक्रवार की सुबह कैलाश गुफा पहुंच कर जलाभिषेक करेंगे। इस दौरान एसपी ने जगह-जगह सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कांवरियों से भी परेशानियों के संबंध में चर्चा करते रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur