आंदोलन की तैयारी तेज,27 अक्टूबर को बिलासपुर आएंगे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी प्रभारी नवकिशोर पटनायक
बिलासपुर,24 अक्टूबर 2026। बिलासपुर में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ,देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान की तैयारी चल रही है। इस अभियान की रणनीति और आंदोलन को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस प्रवक्ता एवं बिलासपुर शहर प्रभारी शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कांग्रेस भवन में नेताओं-कार्यकर्ताओं की बैठक ली। जिसमें अभियान की तैयारी की समीक्षा की और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के साथ इंडिया गठबंधन ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में राष्ट्रीय रैली करने का ऐलान किया है। इस रैली में हर प्रदेश के जिलों से कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने की तैयारी है।
यही वजह है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी लगातार बैठकें ले रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की योजना छत्तीसगढ़ से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को रैली में शामिल कराने की है। इसके लिए संगठन के विभिन्न स्तरों पर समन्वय और तैयारियों पर जोर दिया जा रहा है।
आम जनता के अधिकार को लेकर है लड़ाई : कांग्रेस प्रवक्ता और शहर प्रभारी शैलेष नितिन त्रिवेदी का कहना है कि ‘वोट बचाओ,देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के जरिए लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। यह मुद्दा केवल कांग्रेस का नहीं है। बल्कि, यह आम जनता के लोकतांत्रिक अधिकार को लेकर है।
बैठक में जिले के नेता रहे मौजूद : इस बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा,ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री,पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, विजय पांडेय,नरेंद्र बोलर, पूर्व महापौर रामशरण यादव, राजेश पांडेय,प्रमोद नायक,पंकज सिंह, स्वप्निल शुक्ला,आशीष गोयल,भारत कश्यप,महेश दुबे, समीर अहमद,साकेश मिश्रा, तज्जमुल हक,संतोष गर्ग,हितेश देवांगन,पिंकी बत्रा,शिल्पी तिवारी, सीमा पांडे,गौरव ऐरी,सुभाष ठाकुर और प्रीति पाटनवार सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
27 अक्टूबर को आएंगे नवकिशोर पटनायक
कांग्रेस की आगामी रणनीति में 27 अक्टूबर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी) के प्रभारी नवकिशोर पटनायक का बिलासपुर दौरा भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे शहर में मीडिया से चर्चा करने के साथ जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इसके बाद वे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) और कोरबा में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों और अभियान की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur