मैनपाट के दूरस्थ गांव में वाटर फिल्टर प्लांट की पहल, विधायक रामकुमार टोप्पो ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
-संवाददाता-
मैनपाट,24 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। मैनपाट के दूरस्थ ग्राम नर्मदापुर के दांतीढाब में लंबे समय से लाल पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को अब स्वच्छ पेयजल मिलने की उम्मीद है। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से जनसंपर्क किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान पेयजल सहित सडक, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, दांतीढाब में लंबे समय से लाल पानी की समस्या बनी हुई है। स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में वाटर फिल्टर प्लांट की पहल से ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि,नियमित स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता प्लांट के शुरू होने और उसके प्रभावी संचालन पर निर्भर करेगी। विधायक टोप्पो ने कहा कि उनका प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र का कोई भी गांव सडक,बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करना और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन का उल्लेख करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार की प्रतिबद्धता जताई। दांतीढाब में जनसंपर्क के दौरान भाजपा मंडल पदाधिकारी एवं मैनपाट जनपद उपाध्यक्ष अनिल सिंह, धीरन सिंह,कुंजबिहारी गुप्ता, मोहित नामदेव,उपसरपंच सोनू अग्रवाल, नंदकुमार मोदी सहित युवा मोर्चा के पदाधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur