अंबिकापुर,01 जुलाई 2023 (घटती-घटना)। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने शनिवार को पुलिस को- ऑर्डिनेटर सेंटर में पुलिस राजपत्रित अधिकारियों,थाना व चौकी प्रभारियों की अपराध संबंधी समीक्षा बैठक ली। बैठक में पेंडिंग मामलों के प्रतिशत में कमी लाकर बेहतर पुलिसिंग करते हुए अपराध नियंत्रण करने के दिशा निर्देश दिया। साथ ही थाना, चौकी प्रभारियों को लघु अधिनियम के तहत कार्रवाई में तेजी लाने,महिला एवं नाबालिग सम्बन्धी अपराधों मे त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा गुमशुदा नाबालिगों की बरामदगी के सम्बन्ध में चलाए जा रहे विशेष अभियान में की गई कार्रवाई को सराहा गया। विदित हो कि सरगुजा पुलिस द्वारा गत माह में 16 नाबालिग बालक, बालिकाओं को बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया है। गुम इंसानों एवं गुम बालक, बालिकाओं के मामले में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
वहीं आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व जिले में समंस वारंटों की तमिली में अभियान चलाकर कार्रवाई करने के साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की संख्या बढ़ाकर आपराधिक प्रकरणों में लगातार संलिप्त अपराधियों पर जिला बदर की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निगरानी बदमाशों एवं गुंडा बदमाशों पर लगातार पैनी नजर बनाए रखने हेतु भी निर्देशित किया गया है। चोरी के मामलों में शामिल पूर्व के सभी आरोपियों का डाटा संधारण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे कि वर्तमान के मामलों में संलिप्तता पाए जाने पर सख्ती के साथ तत्काल कार्रवाई की जा सके।
4 पुलिस अधिकारी, कर्मचारी को सेवानिवृति पर दी गई विदाई
समीक्षा बैठक के दौरान जिले में कार्यरत 4 पुलिस अधिकारी, कर्मचारी को उनके 62 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर उप पुलिस अधीक्षक अरविन्द मिंज, निरीक्षक दिनेश साहू, सहायक उप निरीक्षक इसदोर एक्का, आरक्षक रेमिस तिर्की को शाल श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा सभी सेवानिवृत पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों से आत्मीयता से बात कर विभाग के अनुभव को साझा किया साथ ही सेवानिवृति के बाद की योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई। पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा सेवानिवृत अधिकारियों कर्मचारियों को पुलिस विभाग का अभिन्न अंग बताते हुए किसी भी प्रकार की समस्या में तत्काल अवगत कराने की जानकारी दी गई। सभी सेवानिवृत अधिकारियों कर्मचारियों को समीक्षा बैठक के दौरान ही पेंशन आदेश दिए गए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur