अम्बिकापुर,24 जून 2023 (घटती-घटना)। अंबिकापुर सहित पूरे संपूर्ण छत्तीसगढ़ में मानूसन प्रभावित हो चुका है। शनिवार को अंबिकापुर सहित आस पास के क्षेत्रों में मानूसन की पहली बारिश हुई। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ में प्रभावी होने की सामान्य तिथि 20 जून की तुलना में चार दिन के विलम्ब से 24 जून को यह पूरे छत्तीसगढ़ तक प्रभावी हो चुका है। मानसून की लंबी छलांग देखने को मिली। मानसून मध्य अरब सागर में आगे बढ़ा है। महाराष्ट्र में भी इसकी उपस्थिति आगे पहुंची है जबकि यह पूरे कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ को पार करते हुए पूर्वी मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों तक प्रभावी हो चुका है। ऊपर उत्तर भारत की ओर भी शनिवार को मानसून की हवाएं आगे बढ़ कर उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों, सहित हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सरहदों में भी प्रवेश कर गया है। मौसम विज्ञानी के अनुसार आज मानसून की उत्तरी सीमा अलीबाग, सोलापुर, उद्रीर, नागपुर, मंडला, सोनभद्र, बक्सर, सिद्धार्थ नगर, पंतनगर, बिजनौर, यमुना नगर, ऊना और द्रास से हो कर गुजर रही है। अभी मानसून एक्टिव है और इसकी त्वरित गति के आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां भी अनुकूल दिख रही हैं। आगामी एक दो दिनों में इसके उत्तर-पश्चिम भारत में और आगे बढ़ जाने की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से सरगुजा संभाग में भीषण गर्मी पड़ रही थी। लोग गर्मी से परेशान थे। वहीं पिछले तीन दिनों से मौसम में बदलाव होने से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा राही है। शनिवार की दोपहर अंबिकापुर सहित अन्य क्षेत्रों में बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विज्ञानी के अनुसार शनिवार को अंबिकापुर में 17.6 मिमी वर्षा और 33.0 डिग्री अधिकतम दर्ज किया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur