नागरिक प्लास्टिक, डिस्पोजल मुक्त आयोजन हेतु सामग्री प्राप्त कर सकेंगे
अंबिकापुर,05 जून 2023 (घटती-घटना)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम अंबिकापुर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजन किया गया। सर्वप्रथम महापौर डॉ. अजय तिर्की, सभापति अजय अग्रवाल, एमआईसी सदस्य शफी अहमद, द्वितेंद्र मिश्रा, शैलेन्द्र सोनी शैलू, मेराज रंगरेज़,पार्षद अलोक दुबे, प्रमोद चौधरी, गोरेलाल मुंडा नरेश एक्का की उपस्थिति में दीदी बर्तन बैंक का लोकार्पण किया गया। पूर्व में संचालित दीदी बर्तन बैंक में केवल बर्तन ही उपलध था। नगर निगम द्वारा इस नए बर्तन बैंक में बर्तन के साथ टेंट का सामान भी उपलध कराया गया है। इसमें खाना बनाने हेतु आवश्यक समस्त बर्तन, टेबल कुर्सी, मैट, टेंट पंडाल, सर्विंग बर्तन, ट्रे सहित अन्य सामग्री प्रदान की गई है। अब बर्तन बैंक से 800 लोगों के आयोजन की क्षमता युक्त हो गया है। दीदी बर्तन बैंक के माध्यम से कम दर पर नागरिक प्लास्टिक, डिस्पोजल मुक्त आयोजन हेतु सामग्री प्राप्त कर सकेंगे। तत्पश्चात एसएलआरएम केन्द्रों के रेनोवेशन कार्य लागत 87.90 लाख का भूमिपूजन किया गया। निगम क्षेत्र में पूर्व से संचालित 17 एसएलआरएम केन्द्रों में मरम्मत एवं जीर्णोद्धार का कार्य कराया जाएगा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महापौर द्वारा उपस्थित सभी प्रतिनिधि, स्व सहायता समूह के सदस्य, स्वच्छता दीदियों को पर्यावरण संरक्षण एवं आरआरआर केंद्र में सहयोग का शपथ दिलाया गया। साथ ही भारत सरकार के निर्देश पर संचालित आरआरआर केंद्र में उत्कृष्ट सहयोग प्रदान करने वाले समूह को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात सेनेटरी पार्क में सभी जन प्रतिनिधि, स्व सहायता समूह के सदस्य, स्वच्छता दीदियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur