- संवाददाता –
अंबिकापुर, 29 मई 2023 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रनपुरकला स्थित प्राथमिक शाला माझापारा में क्रेडा विभाग द्वारा सौर्य ऊर्जा का प्लेट लगाने के लिए गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं। इस गड्ढे में रविवार को दो बालक गिर गए। परिजन द्वारा दोनों को बाहर निकाला गया और गंभीर एक बालक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। यहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दी।
जानकारी के अनुसार आरणव राजवाड़े पिता ताराचंद राजवाड़े उम्र 5 वर्ष गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मेन्ड्राखुर्द का रहने वाला था। आरणव पिछले 5 वर्ष से अपनी मां के साथ अपने नाना-नानी के घर ग्राम रनपुरकला में रह रहा था।
वहीं रनपुरकला स्थित प्राथमिक शाला माझापारा में क्रेडा विभाग के ठेकेदार द्वारा सौर्य ऊर्जा का प्लेट लगाने के लिए गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं। पिछले दिनों बारिश होने के कारण सभी गड्ढों में पानी भर गया है। रविवार की दोपहर आरणव अपने ममेरे भाई प्रिंस के साथ स्कूल के पास खेल रहा था। इस दौरान खेल-खेल में दोनों बालक क्रेडा विभाग के ठैकेदार द्वारा खोदे गए गड्ढे में जा गिरे। कुछ देर बाद जब दोलों बच्चे नहीं दिखाई दिए तो परिजन खोजते हुए स्कूल के पास पहुंचे। वहां एक गड्ढा में एक बच्चे का हाथ दिखाई दे रहा था। आरणव के मामा खेलावन राजवाड़े ने दोनों बालक को गड्ढे से बाहर निकाला। आरणव की स्थिति गंभीर होने पर उसे तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। यहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur