अंबिकापुर,12 मई 2023 (घटती-घटना)।यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं आम नागरिकों में यातायात के नियमों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से गुरुवार को शहर के आकाशवाणी चौक, बिलासपुर चौक, खरसिया नाका सहित अन्य जगहों पर विश्ेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग अभियान में स्वयं एसपी भावना गुप्ता, एएसपी विवेक शुक्ला, सीएसपी स्मृतिक राजनाला, प्रशिक्षु आईपीएस चिराग जैन शामिल रहे। विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले वाहन चालकों, लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने वाले वाहन चालकों, दुपहिया वाहनों के अमानक साइलेंसरों बिना नंबर प्लेट के वाहनों, मोबाइल पर बात कर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करते हुए पूरे जिले में एक साथ अभियान चलाकर चालानी कार्रवाई की गई। दुपहिया वाहन चालकों को यातायात के नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। साथ ही नियमों का पालन कर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों को चॉकलेट एवं फूल देकर प्रोत्साहित किया गया। एसपी ने बताया कि यातायात के नियमों का पालन कराने हेतु सरगुजा पुलिस द्वारा वाहन चालकों को जागरूकता अभियान से जोड़कर लगातार जागरूकता करने का सतत प्रयास किया जा रहा है। समझाइश के साथ-साथ सरगुजा पुलिस द्वारा इंटीग्रेटेड कण्ट्रोल रूम के माध्यम से सीसीटीवी सर्विलेन्स के जरिये मॉनिटरिंग कर यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर पैनी नजर रखकर चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक यातायात कामता प्रसाद दीवान, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक शुभम तिवारीए, यातायात प्रभारी जयराम चेरमाको, थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक धीरेन्द्र दुबे, थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक रुपेश नारंग, थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक प्रमोद पाण्डेय एवं पुलिस टीम शामिल रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur