- पंडो,चेरवा और बंग समाज के लिए सामुदायिक भवन हेतु भूमि आबंटित
- मुख्यमंत्री की घोषणा पर भूमि आबंटन के मामले में सरगुज़ा बना संभाग का पहला जिला
अम्बिकापुर, 24 दिसम्बर 2022 (घटती-घटना)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रदेश व्यापी भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में की गई घोषणाओं का जिला प्रशासन द्वारा त्वरित अमल किया जा रहा है। इसी कड़ी में पंडो, चेरवा एवं बंग समाज हेतु सामुदायिक भवन निर्माण हेतु भूमि आबंटन की प्रक्रिया पूर्ण कर जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री की घोषणा का अमल किया गया है। मुख्यमंत्री के द्वारा भेंट मुलाकात कार्यक्रम में विभिन्न समाजों को सामुदायिक भवन निर्माण हेतु भूमि आबंटन की घोषणा को पूरा करने के मामले में सरगुज़ा जिला संभाग का पहला जिला है। जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार पण्डो समाज के लिए ग्राम सुभाष नगर में खसरा क्रमांक 117 रकबा 0.202 हेक्टेयर, चेरवा समाज के लिए ग्राम सुभाषनगर में खसरा क्रमांक 319/1 रकबा 0.202 हेक्टेयर तथा बंग समाज के लिए सुभाष नगर मे ही खसरा नंबर 54 रकबा 0.230 हेक्टेयर सामुदायिक भवन निर्माण हेतु आबंटित की गई है। जिले में मुख्यमंत्री की घोषणाओं के त्वरित अमल के लिए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के द्वारा प्रकरण से संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिया गया है एवं प्रकरणो पर स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। ज्ञातव्य है कि विगत 10 मई को सर्किट हाउस अम्बिकापुर में आयोजित विभिन्न समाज के प्रतिनिधिमंडलों के मुलाकात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के द्वारा चेरवा, पंडो व बंग समाज के प्रतिनिधिमंडलों की मांग पर सामुदायिक भवन हेतु जमीन आबंटित करने की घोषणा की गई थी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur