Breaking News

बैकुण्ठपुर@नपा अध्यक्ष ने विधायक व मुख्य नगरपालिका अधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप

Share

  • मंगल भवन मैरिज गार्डन के भूमि पूजन में नगर पालिका अधिकारी द्वारा उपेक्षा का लगाया आरोप।
  • नगर पालिका अधिकारी के मनमाने बर्ताव से परेशान है सारा बैकुंठपुर।
  • नगरीय प्रशासन मंत्री छत्तीसगढ़ शासन को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की नगरपालिका अध्यक्ष ने की मांग।
  • कलेक्टर कोरिया के माध्यम से नगरीय प्रशासन मंत्री को भेजा गया पत्र,भाजपा के नपा अध्यक्ष सहित पार्षदों की लगातार उपेक्षा क्यों?

-रवि सिंह-
बैकुण्ठपुर 10 अक्टूबर 2022(घटती-घटना)। कोरिया जिले की बैकुंठपुर नगरपालिका में विधायक की अत्यधिक दखलंदाजी से परेशान होकर नगरपालिका अध्यक्ष बैकुंठपुर ने कलेक्टर कोरिया के माध्यम से नगरीय प्रशासन मंत्री छत्तीसगढ़ शासन को पत्र प्रेषित किया हैं वहीं उन्होंने बैकुंठपुर नगरपालिका में घट रही घटनाओं से नगरीय प्रशासन मंत्री को अवगत कराया है।
बता दें कि अपने शिकायती पत्र में नगरपालिका के 6 पार्षदों के साथ अध्यक्ष ने नगरपालिका बैकुंठपुर में घट रही घटनाओं साथ ही मुख्य नगरपालिका अधिकारी की मनमानी का भी उल्लेख किया है और बताया है कि किस तरह मुख्य नगरपालिका अधिकारी अपनी मनमानी पर उतारू हैं और लगातार मनमानी कर रहीं हैं। पत्र में विधायक के नगरपालिका बैकुंठपुर परिषद में अनावश्यक हस्तक्षेप को लेकर भी वृतांत लिखा गया है और हस्तक्षेप को गलत बताया गया है। पत्र में निर्वाचित भाजपा पार्षदों की उपेक्षा का भी गंभीर आरोप मुख्य नगरपालिका अधिकारी पर लगाया गया है। बैकुंठपुर के जिला भाजपा कार्यालय में भाजपा के पदाधिकारी एवं नगर पालिका के अध्यक्ष एवं भाजपा समर्थित पार्षदों ने प्रेस वार्ता की और कहा कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी के द्वारा लगातार नगर पालिका अध्यक्ष एवं भाजपा समर्पित पार्षदों की लगातार उपेक्षा किया जा रहा है इससे परेशान होकर आज भारतीय जनता पार्टी ने प्रेस वार्ता की और कहा कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी सत्ता पक्ष के विधायक के संरक्षण में भाजपा के समर्थित पार्षदों एवं अध्यक्ष की लगातार उपेक्षा एवं मनमाना किया जा रहा है जिससे परेशान होकर आज नगर पालिका अध्यक्ष नविता शिवहरे ने प्रेस वार्ता की अध्यक्ष नगर पालिका का यह भी कहना है कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा कई जगह पालिका की राशि खर्च की जांच जिसकी जानकारी किसी को भी नहीं होती है अगर बाद में मेरे द्वारा या फिर किसी अन्य पार्षद या सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी जाती है जिसकी जानकारी भी मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा नही दी जाती है, नगर पालिका के द्वारा किया जा रहा है कोई भी कार्य कोई भी कार्यक्रम की जानकारी तर्क मुझे देना नगर पालिका अधिकारी उचित नहीं समझती है साथ ही सत्ता पक्ष के लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाता है कुछ दिन पूर्व राजीव युवा मितान कार्यक्रम की जानकारी मुझे कार्यक्रम शुरू होने के 2 घंटे बाद प्राप्त हुई इससे यह सिद्ध होता है कि कहीं ना कहीं अधिकारियों पर किसी न किसी का दबाव है?

पार्षद वार्ड नंबर 1 का आरोप
इस संबंध में भानु पाल पार्षद वार्ड नंबर 1 ने कहा कि पूर्व में भी पुराने बस स्टैंड में स्थित दुकान में भी काफी बंदरबांट किया गया था जिसका मामला आज भी माननीय न्यायालय में चल रहा है।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी को सत्ता पक्ष के विधायक का मिल रहा संरक्षण
प्रेस वार्ता मे नगर पालिका अध्यक्ष नविता शिवहरे ने कहा की मुख्य नगरपालिका अधिकारी को सत्ता पक्ष के विधायक का मिल रहा संरक्षण, नगर पालिका अध्यक्ष से ज्यादा सत्ता पक्ष के पार्षदों को मुख्य नगर पालिका अधिकारी देती है ज्यादा महत्व, नगर पालिका के सारे कार्य नगर पालिका के कार्यालय से नहीं बल्कि स्थानीय विधायक एवं नगर पालिका अधिकारी के बगले होते हैं संचालित, विकास कार्य के लिए 5 करोड़ को सभी ने मिलकर पूरे 20 वार्ड में बराबर से कार्य करने का निर्णय सभी ने निर्णय लिया था परंतु स्थानीय विधायक के हस्तक्षेप के बाद कांग्रेस समर्थित पार्षदों के वार्ड में आधे से अधिक कार्यों का बदलाव कर दिया गया, नगरपालिका के कई कर्मचारी नगर पालिका के अधिकारी के निजी निवास मनेंद्रगढ़ में करते हैं कार्य, मुख्य नगरपालिका अधिकारी अपने आधे से अधिक समय अपने मनेंद्रगढ़ निज के निवास पर करती है व्यतीत।
नगरपालिका में होगी तालाबंदी
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष कोरिया कृष्ण बिहारी जयसवाल ने कहा कि अगर इस तरह की कार्यशैली नगर पालिका अधिकारी एवं शासन सत्ता के लोगो को बनी रहेगी तो भारतीय जनता पार्टी जल्द सड़कों पर उतरेगी नगरपालिका का तालाबंदी भी किया जाएगा।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी पर लगाए गए हैं गंभीर आरोप
नगरपालिका अध्यक्ष बैकुंठपुर सहित बैकुंठपुर नगरपालिका के 6 पार्षदों ने जो भाजपा के हैं के द्वारा नगरीय प्रशासन मंत्री छत्तीसगढ़ शासन को लिखे गए पत्र में बताया गया है कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी बैकुंठपुर पूरी तरह अपनी मनमानी कर रहीं हैं और परिषद को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहीं हैं, शिकायत में यह भी लिखा गया है कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी सफ्ताह में 2 से 3 दिन ही कार्यालय में आने का काम करती हैं बाकी समय वह कार्यालय से नदारद रहतीं हैं जिसकी पुष्टि नगरपालिका परिषद की सीçढ़यों पर लगे सीसीटीवी फुटेज से की जा सकती है। आरोप यह भी लगाया गया है कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी बिना अध्यक्ष की सहमति साथ ही सभी पार्षदों की सहमति बिना ही कोटेशन मंगाकर भुगतान करती चली आ रहीं हैं और इसकी जानकारी भी अध्यक्ष सहित पार्षदों को नहीं दी जा रही है।

बैकुंठपुर नगरपालिका को आर्थिक क्षति पहुंचाने का भी सीएमओ पर लगाया गया है आरोप
पत्र में बताया गया है कि किस तरह बैकुंठपुर की मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने पुराने बस स्टैंड की दुकानों की बिक्री में मनमानी की है,आरोप में बताया गया है कि बैकुंठपुर नगरपालिका अंतर्गत पुराने बस स्टैंड के पास बने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की औसत बोली 61 लाख थी और इस मूल्य पर ही दुकान बिक भी चुकी है वहीं शेष बची दुकानों को मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने दो लोगों को केवल 16.75 लाख में अलग अलग दो दुकान आबंटित कर दी है जिससे बैकुंठपुर नगरपालिका को 88.50 लाख के नुकसान का अनुमान है,यह आबंटन लिफाफा पद्धति से किया गया जिससे साफ जाहिर है इसमें परिषद को नुकसान पहुंचाने की मंशा मुख्य नगरपालिका अधिकारी की थी। वहीं इस मामले में नगरपालिका परिषद में आबंटन को स्वीकृति प्रदान करने दबाव भी डाला जाता है और और इससे जाहिर है कि मुख्य नगरपालिका अधिकारी किस तरह मामले में परिषद को नुकसान पहुंचाना चाह रहीं हैं।
विधायक व मुख्य नगरपालिका अधिकारी की मिलीभगत से सम्पूर्ण बैकुंठपुर का विकास हो रहा अवरुद्ध
शिकायत में नगरीय प्रशासन मंत्री छत्तीसगढ़ शासन को बताया गया है कि बैकुंठपुर नगरपालिका में भाजपा से जिन वार्डों में पार्षद हैं वहां किसी भी प्रकार का विकास कार्य नहीं होने दिया जा रहा है। परिषद की तरफ से जिन कार्यों का प्रस्ताव बनाकर राज्य शासन को वार्डवार भेजने की अनुशंसा की जाती है उसे बैकुंठपुर विधायक अपने निवास पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी बैकुंठपुर को बुलाकर निरस्त करा देतीं हैं और केवल उन्ही वार्डों में कार्य या विकास कार्य स्वीकृत किये जाने का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा जाता है जहां सत्ताधारी दल के पार्षद निर्वाचित हैं। शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि इससे शहर के सम्पूर्ण विकास की परिकल्पना कभी साकार नहीं हो सकेगी और शहर के कई वार्ड उपेक्षा का शिकार हो जाएंगे।

विधायक पर भी लगाये गए हैं गंभीर आरोप,विकास में अवरोध उत्पन्न करने का लगाया गया है आरोप
पूरे मामले में बैकुंठपुर विधायक पर भी गंभीर आरोप लगाया गया है और उन्हें शहर विकास में बाधा उत्पन्न करने का कारण ठहराया गया है। आरोप अनुसार बैकुंठपुर शहर में बन रहे शादी घर के भूमिपूजन अवसर पर बैकुंठपुर नगरपालिका में किसी भी तरह की कोई प्रक्रिया पूरी नहीं कि गई, भूमिपूजन हेतु जहां परिषद से अनुमति ली जानी थी और कागजी कार्यवाही में सभी को सूचना दी जानी थी ऐसा कुछ नहीं किया गया और विधायक के कहने पर सत्ताधारी दल के पार्षदों की उपस्थिति में भूमिपूजन कर लिया गया। यह राज्य परियोजना मद से बनने वाला शादी घर है और इसमें बाकायदा परिषद से अनुमति ली जानी थी वहीं सभी को दिन और समय से अवगत कराया जाना था जो नहीं किया गया,वहीं भाजपा पार्टी से आने वाली अध्यक्ष व पार्षदों के विरुद्ध आपत्तिजनक कटाक्ष किये जाते हैं और यह सबकुछ विधायक की मंशा अनुरूप होता है जो कि गलत है।
विधायक पर प्लेसमेंट कर्मचारियों को सार्वजनिक धमकी दिए जाने सहित ड्रीम बैकुंठपुर योजना में बाधा उत्पन्न करने का भी लगाया गया है आरोप
शिकयात पत्र में बैकुंठपुर विधायक किस तरह सार्वजनिक रूप से शहर पालिका में कार्यरत प्लेसमेंट कमर्चारियों को कार्य से पृथक करने की धमकी देती हैं इसका भी उल्लेख किया गया है वहीं उनकी इस धमकी से शहर विकास में अवरोध उत्पन्न हो रहा है इसबात का भी उल्लेख किया गया है। बैकुंठपुर शहर का ड्रीम प्रोजेक्ट जो कि शॉपिंग मॉल का है वह भी विधायक बैकुंठपुर व सीएमओ की हठधर्मिता से आरम्भ तक नहीं हो सका है जिसकी सम्पूर्ण रूप से जिम्मेदार दोनों हैं।
जांच की है मांग, जांच कर उचित कार्यवाही की है आस
बैकुंठपुर नगरपालिका की अध्यक्ष व 6 पार्षदों ने नगरीय प्रशासन मंत्री छत्तीसगढ़ शासन को पत्र लिखकर पूरे मामले में जांच की मांग की है वहीं विधायक और सीएमओ बैकुंठपुर किस तरह शहर विकास को अवरुद्ध करते हुए नगरपालिका को आर्थिक क्षति भी पहुंचा रहें है इसबात की भी जांच की जाए मांग की गई है। पत्र कलेक्टर कोरिया के माध्यम से प्रेषित किया गया है।
ट्रेडमिल जैसी मशीन के कोरोना काल मे खरीदी कर घर पर उपयोग करने के आरोपों से भी घिर चुकी हैं सीएमओ
मामले में एक बात जो ध्यान देने वाली है वह यह कि पूरे मामले पर खुद को पाक साफ बताने वाली बैकुंठपुर नगरपालिका की मुख्य नगरपालिका अधिकारी पर कोरोना काल मे भी जबकि देश वैश्विक महामारी से जूझ रहा था के दौरान भी एकबार एक आरोप लग चुका है और वह ट्रेडमिल जैसे एक कसरत करने वाले उपकरण को नगरपालिका के जिम के लिए क्रय कर घर पर उपयोग करने का आरोप था लगा था,भारी विरोध के बाद उक्त कसरती मशीन को मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बैकुंठपुर के जिम को वापस किया था और जिसको लेकर कई समाचारों का प्रकाशन कारण बना था। कुल मिलाकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी बैकुंठपुर अपनी विचित्र कार्यप्रणाली को लेकर पहली बार नहीं वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान भी ख्याति प्राप्त कर चुकी हैं जो उनकी स्वेक्षाचरिता साबित करने के लिए काफी है।वैसे एक सक्षम अधिकारी द्वारा सार्वजनिक उपयोग की कसरती मशीन का जब घर मे विरोध के बावजूद उपयोग किया जा सकता है और विरोध बढ़ने पर उसे वापस सार्वजनिक उपयोग के लिए दिया जा सकता है ऐसे में उनकी मनमानी किस कदर नगरपालिका में हावी होगी समझा जा सकता है।


Share

Check Also

सीतापुर@ तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से युवक की मौत,मां गंभीर घायल

Share सीतापुर,31 मई 202६ (घटती-घटना)। अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे क्रमांक-43 पर शनिवार शाम हुए दर्दनाक सड़क …

Leave a Reply