- प्रफुल्ल ठाकुर सम्हालेंगे राजनांदगांव की कमान।
- राज्य सरकार ने जारी की पुलिस अधीक्षकों की तबादला सूची।
-रवि सिंह-
बैकुण्ठपुर 07 जुलाई 2022(घटती-घटना)। कोरिया जिले के नए पुलिस अधीक्षक अब त्रिलोक बंसल होंगे, 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी त्रिलोक बंसल को गौरेला पेंड्रा से कोरिया जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है वहीं कोरिया जिले के वर्तमान पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल सिंह ठाकुर को राजनांदगांव की कमान सौंपी गई है। त्रिलोक सिंह बंसल राजभवन में भी कार्य कर चुके हैं वहीं गौरेला पेंड्रा में वह अभी पदस्थ थे। गौरेला पेंड्रा में पदस्थ रहते हुए उनके ऊपर हाथियों ने हमला भी कर दिया था जब वह हाथियों के दल की निगरानी में निकले हुए थे और उनका इलाज अपोलो बिलासपुर में हुआ था।
प्रफुल्ल सिंह ठाकुर का कार्यकाल भी कोरिया जिले में ज्यादा समय के नहीं रहा और वह बेहद अल्प समय के पुलिस अधीक्षक जिले के रहे। प्रफुल्ल सिंह ठाकुर के कार्यकाल में पुलिस विभाग की उपलब्धि जिले में कोई खास नहीं रही वहीं पूर्व पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले में चलाए जा रहे निजात नशा मुक्ति कार्यक्रम को भी वह बेहतर गति नहीं दे पा रहे थे जिसकी जिले में जरूरत थी। कोयला तस्करी सहित कई अवैध कारोबारों पर भी प्रफुल्ल सिंह ठाकुर अंकुश लगा पाने में सफल नहीं हो सके थे और जिसकी वजह से ही मनेंद्रगढ़ विधायक को स्वयं पुलिस थाने में जाकर ज्ञापन देना पड़ा था की अवैध कारोबार रोका जाए। सत्ताधारी दल के विधायक के अवैध कारोबार को रोकने को लेकर दिए गए पुलिस थाने को ज्ञापन के बाद ही प्रफुल्ल सिंह ठाकुर के कार्यकाल में पुलिसिंग को लेकर सवाल उठने लगे थे कि आखिर क्यों ऐसी नौबत आई जो विधायक को पत्र लिखकर मांग करनी पड़ी की अवैध कारोबार रोके जाएं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur