रायपुर,12 जनवरी 2022(ए)। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती यानी 12 जनवरी ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। स्वामी विवेकानंद जी की आज 159 वी जयंती पर देश सहित प्रदेश में उन्हें याद किया गया।
छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके ने राजभवन में स्वामी विवेकानंद जी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि ज्ञान और ओजस्वी विचारों से विश्व में भारतीय संस्कृति को गौरवांवित करने वाले,युवाओं के प्रेरणास्रोत, युग प्रवर्तक स्वामी विवेकानंद जी को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं भी दीं। राज्यपाल उइके ने स्वामी जी को नमन करते हुए ट्वीट किया- “उठो, जागो और तब तक नहीं रुको जब तक लक्ष्य हासिल ना हो जाए – स्वामी विवेकानंद। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर उनके चरणों में नमन करती हूं।” मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 12 जनवरी को महान दार्शनिक और विश्व विख्यात आध्यात्मिक गुरू स्वामी विवेकानंद जी की जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ पर सीएम हाउस में स्वामीजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री बघेल ने इस अवसर पर कहा है कि स्वामी विवेकानन्द जी के विचारों ने संपूर्ण समाज को एक नई दिशा दी है। उन्होंने अपने उपदेशों और ओजस्वी व्याख्यानों से देश-दुनिया को मानव जाति की सेवा का मार्ग दिखाया। स्वामी जी के कई सूक्त वाक्य आज भी युवाओं को नई ऊर्जा से भर देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि यह छत्तीसगढ़ के लिए सम्मान और गर्व की बात है कि स्वामी विवेकानंद जी ने कलकत्ता के बाद रायपुर में अपने जीवन का सर्वाधिक समय बिताया। रायपुर के बुढ़ापारा में उनका बचपन बीता। उनकी अमूल्य यादों को सहेजने और संवारने के लिए राज्य सरकार द्वारा स्वामी जी के रायपुर स्थित निवास स्थान रायबहादुर भूतनाथ डे भवन को स्मारक के रूप में विकसित किया जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur