चुनाव में भाजपा के इकलौते स्टार प्रचारक बने हुए हैं भईयालाल
बैकुण्ठपुर 12 दिसम्बर 2021 (घटती-घटना)। कोरिया जिले की दो नगरपालिकाओं में चल रहे नगरीय निकाय चुनावों के प्रचार प्रसार की भाजपा के लिए जिम्मेदारी भले ही भाजपा का जिला संगठन निभा रहा हो लेकिन इन दोनों ही चुनावों में भाजपा की तरफ से अपने 15 वर्षीय कार्यकाल को साबित करने जनकल्याण सहित विकास कार्यों को जनता के सामने रखने के लिए वहीं सबसे सर्वसुलभ सहज व हर जगह हर परिस्थिति में उपस्थित रहने वाले चेहरे जिसे लोकप्रिय भी कहा जा सकता है नेता के रूप में एक ही चेहरा है और वह है बैकुंठपुर विधानसभा के पूर्व विधायक व छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री भइयालाल राजवाड़े का चेहरा। भइयालाल राजवाड़े भी स्टार प्रचारक के रूप में काफी सक्रिय नजर आ रहें हैं और नगरपालिका चुनावों में भाजपा की जीत दर्ज हो सके इसके लिए घर घर जाकर सम्पर्क भी कर रहें हैं। भइयालाल राजवाड़े की लोकप्रियता से भाजपा भी खुद किनारा नहीं कर सकती इसलिए संगठन भी उनपर पूरा विश्वास किये हुए है और अभी तक किसी स्टार प्रचारक को जिले की दोनों पालिकाओं में बुलाना भाजपा ने उचित नहीं समझा है।
भइयालाल राजवाड़े नगरपालिका के वार्ड वासियों के पास जा जाकर भाजपा के वार्डवार घोषित प्रत्यशियों के पक्ष में मतदान कर भाजपा को नगर सरकार बनने का मौका देने की बात मतदाताओं से कर रहें हैं और वह भाजपा के 15 सालों के दौरान की सरकार की उपलब्धियों को भी लोगों को बता रहें हैं। सत्ताधारी दल के वादाखिलाफी को लेकर भी भइयालाल राजवाड़े मुखरता से अपना बयान नगरपालिका अंतर्गत आने वाले वार्डवासियों के समक्ष रख रहें हैं और किन किन घोषणाओं को वर्तमान सरकार अपने ही पूरा नहीं कर सकी उसे भी लोगों को बता रहें हैं। भइयालाल राजवाड़े भी नगरपालिका चुनावों के परिणामों को लेकर यह जान चुके हैं कि यह चुनाव जितना भाजपा के लिए महत्वपूर्ण है उससे भी ज्यादा उनके खुद के लिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यदि यह दोनों चुनाव भाजपा जीतती है और नगर सरकार में अपना कब्जा कर पाती है तो पूरा श्रेय भइयालाल राजवाड़े को ही जाएगा जिससे वह भलीभांति अवगत हैं और लगातार जनसम्पर्क जारी रखे हुए हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur