- हमने उन सभी वर्गों का भी ध्यान रखा जो पात्र होने के बाद भी अपने अधिकारों से वंचित थे : बघेल
- विशेष पिछड़ी जनजाति के 103 युवाओं को सहायक शिक्षा नियुक्ति पत्र एवं 193 हितग्राहियों को वन अधिकार पत्र वितरण
- मुख्यमंत्री के हाथों बेरोजगारी भत्ता पाने वाले युवाओं को मिला प्रशिक्षण उपरांत नियुक्ति प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन की सराहना की
- मुख्यमंत्री ने विशेष पिछड़ी जनजाति के युवाओं को अपने हाथों से दिया शासकीय सेवा का नियुक्ति पत्र
- मुख्यमंत्री के प्रति समाज प्रमुख, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, कोटवार,रसोइया और होमगार्ड के जवानों ने किया आभार व्यक्त

अम्बिकापुर,13 जून 2023(घटती-घटना)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अंबिकापुर के पीजी कॉलेज हॉकी स्टेडियम में विशेष पिछड़ी जनजाति के युवाओं को नियुक्ति पत्र एवं वन अधिकार पत्र वितरण समारोह में अपने संबोधन में कहा कि आज जिले के 103 विशेष पिछड़ी जनजाति के युवाओं को शासकीय सेवा का नियुक्ति पत्र मिला है, मैं उन्हें बधाई देता हूं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वन अधिकार पट्टा वितरण में हमने उन वर्गों का भी ध्यान रखा जो पात्र होने के बाद भी अपने अधिकारों से वंचित थे। मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान 193 हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टा मिलने पर उन्हें बधाई भी दिया।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि पिछले दो महीनों में बेरोजगारों के खातों में हमने लगभग 48 करोड़ रूपए की राशि जारी की है, जो सीधे उनके खाते में जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनेक युवाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया गया है और प्लेसमेंट के माध्यम से उन्हें नौकरी भी मिल गयी है। आज इस कार्य में प्लेसमेंट प्राप्त करने वाली पहली बैच के 50 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा गया है। जिला प्रशासन ने इसपर बेहतर काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार बनने से पहले ही हमारी सरकार ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी थीं। हमने कहा था कि हमारी सरकार गांवों, किसानों, आदिवासियों, मजदूरों, महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम करेगी। हमारी सरकार हर वंचित तबके तक उनके सामाजिक और आर्थिक अधिकार पहुंचने के लिए काम करेगी। मुख्यमंत्री ने समारोह में विशेष पिछड़ी जनजाति के पात्र 103 आवेदको में 58 पुरूष तथा 45 महिला आवेदकों को सहायक शिक्षक के पद पर नियुक्ति आदेश प्रदान किया। मुख्यमंत्री बघेल ने वन अधिकार पट्टा वितरण के तहत अन्य परम्परागत वन्य निवासी के अंतर्गत अनुसूचित जनजाति वर्ग के 106 हितग्राहियों समेत कुल 193 हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टा का वितरण किया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण प्राप्त कर प्रमाण पत्र प्रदाय किया। बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत जिले के 3076 आवेदक बेरोजगारी भत्ता हेतु पात्र पाये गये हैं जिन्हें कुल राशि रुपये 1.42 करोड़ का भुगतान किया गया है। सरगुजा जिला बेरोजगारी भत्ता आवेदन निराकरण में 92.4 फीसदी के साथ पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
सरगुजा जिले में आयुष्मान कार्ड योजना के तहत जिले में 6 लाख 89 हजार 34 परिवारों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया है। जिसमें आज कार्यक्रम के माध्यम से 50 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से आयुष्मान कार्ड का वितरण किया। मुख्यमंत्री बघेल ने आज इस कार्यक्रम में 100 कृषको को एटीएम कार्ड भी वितरण किया। सरगुजा जिले में मिशन एटीएम कार्ड के तहत धान विक्रय करने वाले कृषकों को सहकारी बैंक के माध्यम से एटीएम कार्ड का वितरण किया जा रहा है। इसी क्रम में कृषकों को विशेष शिविर लगाकर 7 हजार से ज्यादा कार्ड वितरण किया जा चुका है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने जिले में नव संचालित सेजेस में 39 शिक्षकों सहित अन्य स्टाफ को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने मिलेट मिशन योजना अंतर्गत जिले के विशेष पिछड़ी जनजातियो को लघु धान्य फसलो के क्षेत्र विस्तार हेतु जिले के चयनित 50 कृषको को रागी बीज (मडि़या) का वितरण, एवं इस वर्ग के 10 कृषकों को हस्तचलित स्प्रेयर पंप का निःशुल्क वितरण भी किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, कोटवार, रसोइया और होमगार्ड के जवानों द्वारा मानदेय वृद्धि पर खुशी जताते हुए आभार प्रदर्शन किया गया। साथ ही विभिन्न समाज के प्रमुखों द्वारा भी आभार प्रदर्शन किया गया।
समारोह की शुरूआत में सरगुजा कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव,स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम, कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना महंत, संसदीय सचिव चिंतामणि सिंह महाराज, संसदीय सचिव पारसनाथ रजवाड़े, छाीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह बाबरा, छाीसगढ़ अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, सीजीएमएससी के अध्यक्ष एवं विधायक डॉ प्रीतम राम, सीजी एमएससी के संचालक एवं विधायक डॉ विनय जायसवाल, बीस सूत्रीय कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री अजय अग्रवाल, अपेक्स बैंक के संचालक अजय बंसल, खाद्य नागरिक आपूर्ति के सदस्य अभिषेक सिंह, राज्य गौ-सेवा आयोग के सदस्य अटल बिहारी यादव, राज्य तेलघानी आयोग के सदस्य लक्ष्मी गुप्ता, आईजी रामगोपाल गर्ग, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, नगरनिगम आयुक्त सुश्री प्रतिष्ठा ममगई समेत वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी गण उपस्थित थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur