हाजियों से देश के लिए अमन चैन की दुआ मांगने का आह्वान
अंबिकापुर,08 जून 2023 (घटती-घटना)। मुस्लिम समाज के पवित्र धार्मिक स्थल मक्का-मदीना शरीफ हज पर जाने वाले हज यात्रियों का दल हज के लिए रवाना होना शुरू हो गया है। इस बीच हज पर जाने वाले हाजियों के लिए नाजमिया मस्जिद रसूलपुर में सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हाजियों को माला पहनाकर सम्मानित करने के साथ ही हज के दौरान हिन्दुस्तान में अमन चैन व भाईचारे की दुआ मांगने की अपील की गई। मुस्लिम समाज के पवित्र धर्म स्थल मक्का मदीना में हज पर प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में लोग जाते है। इस बार भी सरगुजा संभाग से लगभग 54 महिला पुरुष हज के लिए जा रहे है। 45 दिनों की इस हज यात्रा के लिए हाजियों को पूर्व में ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है। हाजियों के मक्का मदीना के लिए रवाना होने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। सरगुजा और छाीसगढ़ के हाजी नागपुर एयरपोर्ट से हज के लिए जाते है। हज पर जाने वाले यात्रियों का प्रतिवर्ष रसूलपुर स्थित दारुल उलूम फैजुर्रसूल द्वारा सम्मान किया जाता है। गुरुवार को को भी हज पर जाने से पहले मदरसा दारुल उलूम फैजूर्रसूल में नाजमिया मस्जिद द्वारा हाजियों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मौलाना सगीर अहमद मिस्बाही व मौलाना नूर आलम मिस्बाही ने उन्हें हज के महत्व की जानकारी देने के साथ ही वहां की जाने वाले इबादतों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हज के दौरान सभी हाजी अपने और अपने परिवार के लिए दुआ करने के साथ ही हिन्दुस्तान के जनता की सलामती और देश में अमन चैन और तरक्की की दुआ करें। सम्मान समारोह के पूर्व हाजियों को हज पर जाने से पहले और हज के दौरान पढ़ी जाने वाली नमाज व अन्य जरुरी बातों की जानकारी प्रदान की गई। कमेटी द्वारा हज पर जाने वाले हाजी ऐनुल आवेदिन एडवोकेट, मोहम्मद अख्तर चम्मा, इदरीश अंसारी, मोहम्मद मेराज अंसारी, फारूक कादरी को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मोतवल्ली जीलानी खान, सदर रशीद अंसारी, हाजी मोहम्मद आरिफ खान, कारी ऐनुल हक, मुजीब अशरफ, कारी नाजिम अख्तर सहित अन्य मौजूद थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur