कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने स्वयं पटना आकर सौंपी जिम्मेदारी,दिया नियुक्ति पत्र
प्रकाश पाण्डेय के नगर अध्यक्ष पद पर नियुक्त होने से कांग्रेस का ही एक वर्ग दिखा नाखुश,रहे किनारे
यवत सिंह के खास समर्थक हैं प्रकाश पाण्डेय,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष यवत सिंह से खासा है जुड़ाव
–रवि सिंह-
कोरिया 01 मई 2023(घटती-घटना)। कोरिया जिला कांग्रेस कमेटी ने पटना नगर अध्यक्ष पद पर प्रकाश पाण्डेय को जिम्मेदारी सौंप कर नई जिम्मेदारी की बधाई दी है,स्वयं जिलाध्यक्ष कोरिया कांग्रेस कमेटी नजीर अजहर ने यह नियुक्ति पत्र पटना पहुंचकर प्रकाश पाण्डेय को दी और उन्हे पार्टी के विचारधारा को आगे ले जाने के लिए प्रेरित भी किया। प्रकाश पाण्डेय जो इस पद की दौड़ में बिल्कुल नहीं थे को जिम्मेदारी मिलने पर उनके शुभचिंतकों ने उन्हे बधाई दी और माला पहनाकर उनका सम्मान भी किया।
बता दें की कांग्रेस कमेटी पटना नगर अध्यक्ष पद की दौड़ में कई लोग लगे हुए थे और वह लगातार प्रयास भी कर रहे थे की उन्हे यह जिम्मेदारी मिल सके लेकिन सबकी दावेदारी को किनारे करते हुए जिलाध्यक्ष ने प्रकाश पाण्डेय पर भरोसा जताया और उन्हे यह जिम्मेदारी सौंपकर क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने का उन पर विश्वास जताया। प्रकाश पाण्डेय पुराने कांग्रेसी नेता हैं और वह लगातार कांग्रेस पार्टी के लिए ही काम करते चले आए हैं यह अलग बात है की वह पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष यवत सिंह से सबसे करीबी हैं और उनके खास समर्थक भी वह रहते चले आए हैं। प्रकाश पाण्डेय के नगर अध्यक्ष बनने से कांग्रेस का ही एक वर्ग नाखुश नजर आया और वह इस दौरान अनुपस्थित भी दिखा। वैसे माना जा रहा है की जिलाध्यक्ष कांग्रेस भले ही देर से सक्रिय हुए हैं लेकिन ऐन चुनाव के समय वह सक्रिय होकर यह साबित करना चाह रहें हैं की वह कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने जी जान से जुटे हुए हैं। प्रकाश पाण्डेय को मिली जिम्मेदारी के पीछे युवा नेता नीलेश पाण्डेय की राय जो उन्होंने जिलाध्यक्ष को दी है को भी वजह माना जा रहा है और यह कयास लगाए जा रहें हैं की जिलाध्यक्ष के खास सलाहकार निलेश पाण्डेय की ही राय अनुसार प्रकाश पाण्डेय को पटना नगर अध्यक्ष का पद दिया गया है। प्रकाश पाण्डेय वैसे तो कांग्रेस पार्टी के ही सदस्य हैं लेकिन वह उतने सक्रिय कभी रहे नहीं जितना की इस पद अनुरूप जरूरी है। अब नई और बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी कार्यप्रणाली कैसी होगी यह आने वाला वक्त बताएगा। वैसे पूर्व जिला पंचायत यवत सिंह के खास प्रकाश पाण्डेय के लिए यह भी महत्वपूर्ण होगा की वह नाराज चल रहे यवत सिंह को किस तरह पार्टी की मुख्यधारा से जोड़ पाते हैं और उन्हे सक्रिय कर पाते हैं। वैसे उनकी नियुक्ति यवत सिंह को भी साधने के हिसाब से की गई और पार्टी की एक मंशा यह भी उनकी नियुक्ति के पीछे है की वह यवत सिंह को अवश्य मनाकर पार्टी से जोड़ पाएंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur