–संवाददाता –
अंबिकापुर, 30 अप्रैल 2023 (घटती-घटना)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के निर्देश पर रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन अम्बिकापुर में वक्ताओं के चयन की कार्यशाला आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ की आवाज-कांग्रेस की आवाज के नाम से आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा इस अभियान हेतु नियुक्त सरगुजा जिला प्रभारी विजय बघेल जो अंत्यव्यवसायी निगम एवं वित निगम के सदस्य हैं, एवं अभियान के प्रभारी विभोर सिंह की मौजूदगी में चयन प्रक्रिया संपादित हुई। मौजूदा समय में चुनावी प्रचार के बदलते राजनैतिक परिवेश के मद्देनजर कांग्रेस ने जिला स्तर पर ऐसे वक्ताओं के चयन का अभियान चलाया हुआ है जो कि आने वाले चुनावों में बूथ लेबल तक पार्टी के लिये प्रचार-प्रसार का काम करेंगे। इसके लिये कांग्रेस ने 22 अप्रैल से 30 अप्रैल तक के लिये एक अभियान चलाया है। कांग्रेस का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से पार्टी के लिये भविष्य के वक्ताओं की खोज करना है। वक्ता चयन अभियान की कार्यशाला में सरगुजा जिले के सभी विकासखंड से कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यशाला को संबोधित करते हुए चयन अभियान के सरगुजा प्रभारी विजय बघेल ने बताया कि पार्टी और सरकार की योजनाओं की आकडों सहित समझ एक कार्यकर्ता में अच्छे वक्ता का विकास करती है। पार्टी के विचारधारा का ज्ञान इस तथ्यों को आमजन तक पहुंचाने में मदद करता है। इस अभियान के प्रभारी एवं पूर्व पुलिस अधिकारी विभोर सिंह ने प्रदेश सरकार की उन नितियों को साझा किया जिसके बदौलत पूरे देश में छत्तीसगढ़ की बेरोजगारी दर सर्वाधिक कम है। उन्होंने प्रदेश के कांग्रेस सरकार की लोकप्रिय नितियों को जनता तक पहॅुंचाने के तरीकों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा ने भाषण कला के साथ ही साथ प्रचार-प्रसार के साधनों के तरीकों के उपयोग को समझाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष रकेश गुप्ता ने चयन समिति के प्रभारियों से अनुरोध किया कि सरगुजा जिले में वक्ताओं के चयन हेतु निर्धारित संख्या में छूट प्रदान कर अधिक से अधिक लोगों वक्ता नियुक्त करने का अनुरोध किया। उन्होंने भारी संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता का इस बात के लिये आभार जताया कि वे चयन प्रक्रिया में शामिल हुए। कार्यक्रम को विनय शर्मा, दुर्गेश गुप्ता, प्रमोद चौधरी, विकल झा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन अनूप मेहता के द्वारा किया गया । कार्यक्रम में सैयद अख्तर हुसैन, मधु द्विक्षित, संध्या रवानी, प्रभात रंजन सिन्हा, मो0 कलीम अंसारी, काजू खान, अविनाश कुमार, अनिमेश सिन्हा, राजनीश सिंह, पंकज शुक्ला, आलोक गुप्ता, फैसल सिद्धकी, विकास केशरी आदि उपस्थित थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur