Breaking News

मनेंद्रगढ@पत्रकारों का हुआ शपथ ग्रहण समारोह,क्या पत्रकारों ने ली सत्य प्रकाशित करने की शपथ?

Share

  • पत्रकार भवन के लिए भूमि पूजन के साथ कलमकारों को दिलाई गई पारदर्शितापूर्वक कार्य करने की शपथ
  • क्या शपथ पश्चात सभी पत्रकार प्रकाशित करेंगे सत्य समाचार,घटी घटनाओं की सच्चाई
  • एमसीबी जिले में हुआ शपथ ग्रहण समारोह,शामिल हुए दो-दो विधायक
  • मनेंद्रगढ़ पत्रकार भवन मामले में पत्रकार हो चुके हैं दो फाड़,भूमि सार्वजनिक पत्रकार संघ के नाम किए जाने की हो रही मांग

रवि सिंह-
मनेंद्रगढ,04 अप्रैल 2023 (घटती-घटना)। नवीन जिला एमसीबी में पत्रकारों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ और इस शपथ ग्रहण समारोह के बाद यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि क्या अब जिले के पत्रकार सत्य एवम घटी घटनाओं का अक्षरशः प्रकाशन करेंगे और सवाल यह भी उठ रहा है की इसके पहले क्या सत्य और घटी घटनाओं का सही प्रकाशन नहीं किया जाता था। शपथ ग्रहण समारोह कर आखिर पत्रकार समूह ने किस चीज की शपथ ली यह मुख्य रूप से सवाल समाने है। नवीन जिला गठन के बाद हुए इस समारोह में नवीन जिले के दोनो विधायक शामिल हुए और कार्यक्रम में भव्यता भी राजनीतिज्ञों की उपस्थिति के हिसाब से बनाई गई। शहर के बड़े होटल में हुए इस समारोह में जिले के पत्रकारों ने शपथ तो ले ली लेकिन शपथ लेने के बाद वह आगे ली गई शपथ अनुसार ही खबरों को लेकर निस्पक्ष बने रहेंगे यह आगे देखने वाली बात होगी। वैसे यह कार्यक्रम नवीन जिला गठन उपरांत पत्रकारों द्वारा खुद को पुराने जिले से संबंध विच्छेद करने के उद्देश्य से भी अयोजित किया गया था जैसा सूत्रों का कहना है। समारोह में विधायक के खास एवम साथ रहने वाले पत्रकारों की भूमिका ही समारोह की सफलता रही और कुल मिलाकर यह पूरा आयोजन राजनीतिक दिखा।
पत्रकार भवन व भवन के नाम पर आबंटित भूमि को लेकर पत्रकार हुए दो फाड़
नवीन जिले में पत्रकार भवन व उसके लिए आबंटित भूमि मामले में भी पत्रकार दो फाड़ में बंटे नजर आ रहें हैं और एक गुट का कहना है की भूमि और बनने वाले भवन का नाम किसी पत्रकार संघ के नाम पर न होकर सार्वजनिक पत्रकार भवन रखा जाए जिससे भविष्य में कोई विवाद खड़ा न हो। बताया जाता है की भवन एवम उसके नाम आबंटित भूमि एक पत्रकार संघ ने नाम पर होना तय हुआ है और उस संघ के प्रमुख स्वयं विधायक के खास हैं और पल पल उनके साथ ही रहते हैं। अब इस मामले में क्या निर्णय जिला प्रशासन लेता है देखना होगा क्योंकि इसको लेकर एक गुट ने अपनी आपत्ती कलेक्टर के समक्ष दर्ज की है।
पत्रकार के दो फाड़ के बीच शपथ ग्रहण समारोह का हुआ सम्पन
सोमवार का दिन नवोदित जिला एमसीबी में कलमकारों के नाम रहा। जिला गठन के उपरांत पत्रकारों की प्रथम पंजीकृत संस्था एमसीबी जिला प्रेस के पदाधिकारियों का जहां यादगार शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ वहीं पत्रकार भवन के लिए भूमि पूजन भी किया गया। इस दौरान लोकतंत्र के चारों स्तंभ विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े गणमान्य जनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त विधायक गुलाब कमरो, कार्यक्रम अध्यक्ष मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ. विनय जायसवाल एवं विशिष्ट अतिथि कलेक्टर पीएस धु्रव, एसपी टीआर कोशिमा, नपाध्यक्ष प्रभा पटेल, जनपद अध्यक्ष डॉ. विनय शंकर सिंह, रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष दामू आम्बेडारे, जिला पंचायत सदस्य ऊषा सिंह करयाम एवं जनपद उपाध्यक्ष राजेश साहू रहे। सविप्रा उपाध्यक्ष राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त भरतपुर-सोनहत विधायक गुलाब कमरो ने जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ से लगे ग्राम पंचायत चैनपुर में 15 लाख की लागत से बनने वाले पत्रकार भवन का विधिवत भूमि पूजन किया। इस दौरान कलेक्टर पीएस धु्रव, पुलिस अधीक्षक टीआर कोशिमा, रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष दामू आम्बेडारे, जनपद अध्यक्ष डॉ. विनय शंकर सिंह, जिला पंचायत सदस्य ऊषा सिंह करयाम, नपाध्यक्ष प्रभा पटेल, जनपद उपाध्यक्ष राजेश साहू, प्रेस कौंसिल कोरिया के अध्यक्ष प्रवीन्द सिंह, सरपंच उजित नारायण सिंह समेत जनप्रतिनिधि तथा कोरिया व एमसीबी जिले के मीडियाकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस मौके पर विधायक गुलाब कमरो ने भवन के लिए अतिरिक्त 5 लाख रूपए एवं एनएच 43 से पत्रकार भवन तक जाने के लिए सडक¸ निर्माण कराए जाने की भी घोषणा की। विधायक कमरो की इस घोषणा पर उपस्थित जनों ने करतल ध्वनि से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में सभी समाजों के लिए अलग-अलग भवन उपलध कराए जाने के साथ ही पत्रकारों के लिए भवन हेतु अनुकरणीय पहल के लिए विधायक गुलाब कमरो को भवन वाले बाबा का भी दर्जा दिया गया। न्यायाधीश मानवेंद्र सिंह ने प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई देते हुए समुचित जानकारी के साथ खबरों के प्रकाशन और पवित्र उद्देश्य के साथ पत्रकारिता किए जाने की सीख दी। अन्य अतिथियों ने भी प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारियों और साथियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए अपने विचार रखे। कोरिया एवं नवोदित जिला एमसीबी के पत्रकारों की गरिमायी उपस्थिति ने आयोजन को सफल बनाया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार श्रीकांत शुक्ल एवं सतीश गुप्ता तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले समस्त जनों के प्रति पत्रकार रामचरित द्विवेदी के द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
इन पत्रकारों ने ली शपथ
कार्यक्रम के अगले चरण में हॉटल हसदेव इन में एमसीबी प्रेस क्लब के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शपथ अधिकारी प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मानवेंद्र सिंह तथा द्वितीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुमारी सुनीता साहू के द्वारा एमसीबी जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों संरक्षक रामप्रसाद गुप्ता व राजीव वर्मा, संयोजक सतीश गुप्ता, सलाहकार मृत्युंजय चतुर्वेदी व रमन सिंह, अध्यक्ष रंजीत सिंह, महासचिव सरवर अली, सचिव गुरदीप अरोरा व भीमसेन गुप्ता, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार शर्मा, अभिजीत मुखर्जी, देवेंद्र पांडेय व दिनेश द्विवेदी, संयुक्त सचिव अरूण श्रीवास्तव व महेश साहू, संगठन सचिव धीरज मौर्य व नीलेश प्रताप सिंह एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों में श्रीकांत शुक्ला, प्रवीण निशी, रफीक मेमन व विनय पाण्डेय को पदीय दायित्वों के अधीन रहकर सत्यनिष्ठा व ईमानदारी के साथ अपने कर्ाव्यों का निर्वहन करने तथा पत्रकारिता के उच्च मानदंडों का पालन करते हुए संगठन के लिए पूरी पारदर्शिता से कार्य करने की शपथ दिलाई गई।
क्लब ने किया अतिथियों व शख्सियतों का सम्मान
प्रेस क्लब के सदस्यों द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्मानननीय अतिथियों, प्रेस कौंसिल ऑफ कोरिया के पदाधिकारियों और सदस्यों, जनसहयोग से श्री सिद्धबाबा धाम में केदारनाथ की तर्ज पर मंदिर निर्माण कराए जाने के लिए श्री सिद्धधाम सेवा समिति के अध्यक्ष मनोज कक्कड़ व सदस्य चंद्रकांत चावड़ा, जिले के वरिष्ठ साहित्यकार सतीश उपाध्याय के साथ वरिष्ठ पत्रकार सुरेश सोनी का शॉल-श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। वहीं लॉसम एकेडमी के संचालक सरदार जसपाल सिंह कालरा एवं विजय इंग्लिश मीडियम के संजय सिंह सेंगर के द्वारा अपनी ओर से स्मृति चिन्ह भेंटकर क्लब का सम्मान किया गया।
पवित्र उद्देश्य के साथ
पत्रकारिता करने की सीख

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि प्रेस से लोकतंत्र जीवित है। उन्होंने कहा कि देश, राज्य और जिले की पहचान प्रेस से है। छत्तीसगढ़ प्रदेश में संवेदनशील मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार का गठन होने के बाद से प्रेस के प्रति अच्छा वातावरण बना है। विधायक ने प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
पत्रकारिता क्या है?
कलेक्टर पीएस धु्रव ने पत्रकारिता क्या है? इस पर अपने विचार रखते हुए इसके उद्भव और विकास पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन और पत्रकार मिलकर नवीन जिले को विकास की ऊंचाईयों पर ले जाएंगे। उन्होंने शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार समाज के अंतिम छोर तक करने का आग्रह किया।


Share

Check Also

रायपुर@बस्तर में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका,महिला नेताओं ने अचानक थामा भाजपा का दामन!

Share रायपुर,28 मई 2026। बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर से इस वक्त की सबसे बड़ी …

Leave a Reply