रामानुजगंज 20 अक्टूबर 2021 (घटती-घटना)। जिलेवासियों को सस्ते दाम में गुणवत्ता युक्त दवाइयां मिले,इसी उद्देश्य के साथ नगरीय निकाय,रामानुजगंज में धन्वंतरि मेडिकल स्टोर का शुभारंभ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्चुअल के माध्यम से किया। श्री धन्वंतरि मेडिकल स्टोर के माध्यम से लोगों को 300 से अधिक जेनेरिक दवाइयां,सर्जिकल आइटम,सौंदर्य प्रसाधन,शिशु आहार व हर्बल उत्पाद सस्ते दामों में आसानी से मिलेगा। श्री धन्वंतरि मेडिकल स्टोर के माध्यम से सभी आय वर्ग के लोगों को सामान्य से कम कीमत पर दवा उपलब्ध कराना तथा दवाइयों पर होने वाले आर्थिक बोझ को कम करना ही मूल उद्देश्य है। महंगे होते स्वास्थ्य सेवाओं तथा दवाओं के कारण लोग अपना इलाज नहीं करा पाते हैं, लेकिन श्री धन्वंतरी मेडिकल स्टोर से लोगों को सस्ती दवाएं मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय से 84 स्थानों पर श्री धन्वंतरि मेडिकल स्टोर का शुभारंभ कर प्रदेशवासियों को बधाई दी। 169 शहरों के 188 स्थानों में श्री धन्वंतरि मेडिकल स्टोर खोला जाएगा,जिसमें 251 एलोपैथिक जेनेरिक दवाइयां,27 सर्जिकल आइटम,शिशु आहार तथा 69 हर्बल प्रोडक्ट मिलेगा। जिले के रामानुजगंज में पहला श्री धन्वंतरी मेडिकल स्टोर खोला गया है,जहां कम लागत में दवाओं के साथ-साथ होम किट व ट्रैवल किट भी मिलेंगे। शुभारंभ के अवसर पर कलेक्टर कुन्दन कुमार,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बंसत सिंह,नगरीय निकायों के अध्यक्ष गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur