न्यूज डेस्क, नई दिल्ली 8 जुलाई 2022। शिंजो आबे के निधन से न केवल जापान बल्कि पूरी दुनिया के लोग गमगीन हैं। उनके निधन पर भारत-अमेरिका समेत कई देश के शीर्ष नेताओं ने गहरा दुख जताया है।
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की शुक्रवार को गोली लगने से मौत हो गई। शिंजो आबे के निधन से न केवल जापान बल्कि पूरी दुनिया के लोग गमगीन हैं। उनके निधन पर भारत-अमेरिका समेत कई देश के शीर्ष नेताओं ने गहरा दुख जताया है। शिंजो आबे के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट में लिखा, मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में से एक शिंजो आबे के दुखद निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं। वह एक महान वैश्विक राजनेता, प्रशासक थे। उन्होंने जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
बोरिस जानसन ने जताया दुख
आबे के निधन पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने भी दुख जताया। उन्होंने कहा कि शिंजो आबे के वैश्विक नेतृत्व को कई लोगों द्वारा याद किया जाएगा। मेरे विचार उनके परिवार, दोस्तों और जापानी लोगों के साथ हैं। ब्रिटेन इस दुख की घड़ी में आपके साथ खड़ा है।
अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने व्यक्त की संवेदना
वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिंजो आबे की हत्या चौंकाने और परेशान कर देने वाली घटना है। उन्होंने आगे कहा कि शिंजो आबे दुनिया के महान दूरदर्शी नेता में शुमार थे। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख राफेल ग्रासी आन ने भी शिंजो आबे के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की दुखद मौत से गहरा दुख हुआ है। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।
चीनी दूतावास ने आबे के योगदान को किया याद
पूर्व पीएम शिंजो आबे के निधन के बाद चीन ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। जापान में चीनी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री आबे ने अपने कार्यकाल के दौरान चीन-जापान संबंधों को बेहतर बनाने में योगदान दिया। हम उनके निधन पर अपनी संवेदना और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
आस्ट्रेलिया के सबसे करीबी दोस्तों में एक थे आबे
आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीस ने शिंजो आबे के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि पूर्व जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे वैश्विक मंच पर आस्ट्रेलिया के सबसे करीबी दोस्तों में से एक थे। उन्होंने कहा कि आबे इंडो-पैसिफिक में एक नेता थे, जो एक स्वतंत्र और खुले क्षेत्र की दृष्टि का समर्थन करते थे। क्वाड और ट्रांस-पैसिफिक पार्टनरशिप के लिए व्यापक और प्रगतिशील समझौता कई मायनों में उनके राजनयिक नेतृत्व के परिणाम हैं।
फ्रांस ने कहा- शिंजो ने अपना जीवन देश को समर्पित कर दिया
जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के निधन के बाद फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। फ्रांसीसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि दुख की इस घड़ी में फ्रांस जापान के साथ है। इसके अलावा राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि जापान ने एक महान पूर्व पीएम को खो दिया है। शिंजो आबे ने अपना जीवन अपने देश को समर्पित कर दिया और दुनिया में व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए काम किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur