स्पोर्ट्स डेस्क दिल्ली 19 जून 2022। चेस ओलंपियाड में पहली बार टॉर्च रिले का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले 43 चेस ओलंपियाड हो चुके हैं, लेकिन अब तक टॉर्च रिले का आयोजन नहीं किया जाता था।
44वें चेस ओलंपियाड की टॉर्च रिले की शुरुआत भारत से हो रही है। इस रिले की शुरुआत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंद्रा गांधी स्टेडियम से की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज शतरंज ओलंपियाड खेल के लिए पहली टॉर्च रिले भारत से शुरू हो रही है। इस साल पहली बार भारत इस खेल की मेजबानी कर रहा है। हमें गर्व है कि एक खेल अपने जन्मस्थान से निकलकर पूरी दुनिया में अपनी छाप छोड़ रहा है। सदियों पहले भारत से चतुरंग के रूप में इस खेल की मशाल पूरी दुनिया में गई थी। आज शतरंज की पहली ओलंपियाड मशाल भी भारत से निकल रही है। आज जब भारत अपनी आजादी के 75वें वर्ष का पर्व, अमृत महोत्सव मना रहा है, तो ये चेस ओलंपियाड मशाल भी देश के 75 शहरों में जाएगी।

पीएम मोदी ने कहा अंतरराष्ट्रीय चेस फेडेरेशन ने ये भी तय किया है कि प्रत्येक शतरंज ओलंपियाड खेल के लिए टॉर्च रिले भारत से ही शुरू होगी। यह न केवल भारत का सम्मान है, बल्कि शतरंज की इस गौरवशाली विरासत का भी सम्मान है। मैं इसके लिए अंतरराष्ट्रीय चेस फेडेरेशन और इसके सभी सदस्यों का अभिनंदन करता हूं। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि चेसबोर्ड की यही खासियत हमें जीवन का बड़ा संदेश देता है। सही सपोर्ट और सही माहौल दिया जाए तो कमजोर से कमजोर के लिए भी कोई लक्ष्य असंभव नहीं होता। जैसे शतरंज के हर मोहरे की अपनी अलग ताकत होती है, उसकी अलग क्षमता होती है। अगर आपने एक मोहरे को लेकर सही चाल चल दी, उसकी ताकत का सही इस्तेमाल कर लिया तो वह सबसे शक्तिशाली बन जाता है। हमारे देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। देश के युवाओं में साहस, समर्पण और सामर्थ्य की कमी नहीं है। पहले हमारे इन युवाओं को सही प्लेटफ़ार्म के लिए इंतज़ार करना पड़ता था। आज ‘खेलो इंडिया’ अभियान के तहत देश इन प्रतिभाओं को खुद तलाश भी रहा है और तराश भी रहा है।
चेस ओलंपियाड में पहली बार हो रही है टॉर्च रिले
यह पहला मौका है, जब चेस ओलंपियाड से पहले टॉर्च रिले का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले 43 चेस ओलंपियाड हो चुके हैं, लेकिन अब तक टॉर्च रिले का आयोजन नहीं किया गया था। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के अनुसार इस बार चेस ओलंपियाड में 188 देशों के दो हजार से ज्यादा खिलाड़ी शामिल होंगे। अनुराग ठाकुर ने टॉर्च रिले की शुरुआत से पहले बताया कि अब तक चेस ओलंपियाड में टॉर्च रिले का आयोजन नहीं हुआ था, लेकिन फाइड (अंतरराष्ट्रीय चेस फेडेरेशन) ने पहली बार टॉर्च रिले का आयोजन करने का फैसला किया है और इसकी शुरुआत भारत से हो रही है। मशाल रिले की शुरुआत हमेशा शतरंज के जन्मस्थल भारत से होगी और सभी महाद्वीपों की यात्रा के बाद यह मेजबान शहर पहुंचेगी। समय की कमी के कारण इस बार टॉर्च रिले सिर्फ भारत में होगी और भारत के महान शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद भी इसमें हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों में से एक होंगे।
अस्वीकरण: घटती-घटना ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur