सूरजपुर 24 मई 2022 (घटती-घटना)। पुलिस की कड़ी मेहनत के बाद रात्रि में लापता हुए दो बच्चों को सुबह खोज निकाला। दोनों बच्चे पड़ोसी थे जिन्हें बरामद करने के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। लापता बच्चों के मिलने की खबर पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू को मिली तो उन्होंने अथक प्रयास के बाद मासूमों को बरामद करने के लिए पुलिस टीम का उत्साहवर्धन किया और उन्हें नगद ईनाम भी दिया।
थाना सूरजपुर क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम चंदरपुर निवासी 2 मासूम बच्चे खेलने के बाद घर से बिना बताए कहीं चले गए थे, काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिले जिसके बाद सोमवार, 23 मई 2022 की देर रात्रि में परिजनों के द्वारा थाना सूरजपुर में इसकी जानकारी दी गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने अत्यन्त गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ रात्रि में ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम को दोनों मासूम बच्चों की खोजबीन में लगाया। बच्चों की सकुशल बरामदगी को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व एसडीओपी सूरजपुर गीता वाघवानी भी रात्रि में खोजबीन के इस अभियान में जुटे रहे। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारी व जवानों को मौके पर भेज क्षेत्र में सघन पतासाजी व खोजबीन करने हेतु लगाया था। जिसके बाद भोर के वक्त पुलिस टीम को दोनों मासूम बच्चों को खोजने में सफलता हाथ लगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur