Breaking News
filter: 0; jpegRotation: 0; fileterIntensity: 0.000000; filterMask: 0;

अंबिकापुर@महंगे होने के बावजूद स्वदेशी सजावटी सामान की मांग, मिट्टी के दीयों से रोशन होंगे घर

Share


चाइनीज झालरों और सजावटी उत्पादों की बाजार में घटी मौजूदगी,दीपावली की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ से स्थानीय कारोबारियों और कुम्हारों के चेहरे खिले

  • संवाददाता –
    अंबिकापुर,07 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। दीपावली पर बाजार की रौनक इस बार कुछ बदले हुए अंदाज में नजर आ रही है। आकर्षक लाइटिंग और सजावटी सामान के बीच लोगों का रुझान स्वदेशी उत्पादों की ओर बढ़ा है। महंगे होने के बावजूद लोग भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं, आधुनिक रोशनी के बढ़ते चलन के बीच मिट्टी के दीयों की मांग भी बरकरार है। शनिवार को दीपावली की खरीदारी के लिए शहर के बाजारों में दिनभर भीड़ उमड़ी। लोगों ने घरों को सजाने के लिए झालर, रंग-बिरंगी लाइटें, पूजन सामग्री, मिट्टी के दीये और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां खरीदीं। इस बार बाजार में चाइनीज सजावटी सामान पहले की तुलना में कम नजर आ रहा है। कारोबारियों के अनुसार,सजावटी सामान में भारतीय उत्पादों की उपलब्धता बढ़ी है। कीमत कुछ अधिक होने के बावजूद ग्राहक स्वदेशी सामान खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। झालर, लाइटिंग और घर सजाने के दूसरे सामानों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही।
    मिट्टी के दीयों से कुम्हारों के घर भी रोशन
    दीपावली पर मिट्टी के दीयों का महत्व आज भी कायम है। घरों को आकर्षक लाइटों से सजाने के बावजूद लोग पूजा और दीप प्रज्ज्वलन के लिए मिट्टी के दीये खरीद रहे हैं। पिछले चार दिनों से दीयों की बिक्री अच्छी रही। इससे कुम्हारों के चेहरे पर भी मुस्कान नजर आई। लोगों ने मिट्टी के दीयों के साथ बाती और पूजन सामग्री की भी खरीदारी की।
    पीजी कॉलेज मैदान में सजीं 200 से अधिक पटाखा दुकानें
    दीपावली पर आतिशबाजी को लेकर भी बाजार तैयार है। शहर के पीजी कॉलेज मैदान में करीब 200 से अधिक पटाखा दुकानें लगाई गई हैं। पटाखा कारोबारियों ने पिछले तीन-चार दिनों से दुकानें सजानी शुरू कर दी थीं। हालांकि महंगाई का असर पटाखों की कीमतों पर भी पड़ा है। रविवार को दीपावली पर बड़े पैमाने पर आतिशबाजी होने की उम्मीद है।
    बास्केटबॉल ग्राउंड में खिलाडिय़ों ने बनाई रंगोली
    दीपावली के अवसर पर गांधी स्टेडियम स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है। खिलाडिय़ों ने फूलों और रंगोली से मैदान को सजाया। यहां दीपावली पर पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इस दौरान प्रशिक्षक राजेश प्रताप सिंह सहित अन्य खिलाड़ी मौजूद रहेंगे।

Share

Check Also

अंबिकापुर@गाय-बैलों को हडिय़ा और घुघरी खिलाकर मनाया सोहराई पर्व, जूठा प्रसाद मानकर ग्रहण करते हैं परिवार के लोग

Share दीपावली के दूसरे दिन निभाई जाती है सदियों पुरानी परंपरा, पशुधन की पूजा से …

Leave a Reply