प्रतियोगिता में 12 खेलों में प्रतिभागी दिखाएंगे अपनी खेल प्रतिभा,तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
-संवाददाता-
जशपुरनगर,07 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में जिले में आगामी 13 एवं 14 नवंबर को जिला स्तरीय सरगुजा ओलम्पिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को डिप्टी कलेक्टर ऋतुराज सिंह बेसेन ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। जिला स्तरीय सरगुजा ओलम्पिक प्रतियोगिता का शुभारंभ 13 नवंबर को रणजीता स्टेडियम में होगा। प्रतियोगिता का समापन 14 नवंबर को किया जाएगा। प्रतियोगिता में कुल 12 प्रकार के खेल शामिल किए गए हैं, जिनमें खो-खो,हॉकी, कबड्डी सहित अन्य खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस 13 नवंबर को 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के जूनियर खिलाड़ी शामिल होंगे। वहीं, 14 नवंबर को 18 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के खिलाडि़यों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बैठक में डिप्टी कलेक्टर बेसेन ने आयोजन स्थल पर मैदान में पानी का छिड़काव, खिलाडि़यों के लिए भोजन एवं पेयजल की व्यवस्था,निर्बाध विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूर्ण करने कहा।
कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सा विभाग को डॉक्टरों की मेडिकल टीम के रखने के लिए कहा गया है। इस अवसर पर नगर पालिका, खाद्य विभाग,नगर सेना,स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग,खेल विभाग, शिक्षा विभाग,जनसंपर्क विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur