-संवाददाता-
बलरामपुर,05 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। जिला प्रशासन बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आज गरिमामय समापन हुआ। समापन समारोह में विजेता खिलाडि़यों और दलों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। 03 से 05 नवम्बर तक सेजेस हिन्दी माध्यम विद्यालय खेल मैदान,इन्डोर हॉल पुलिस लाईन,कृषि विज्ञान केन्द्र जाबर, मिशन स्कूल तथा एकलव्य विद्यालय भेलवाडीह के खेल मैदानों में चली इस प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखण्डों के जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक-बालिका,महिला और पुरुष खिलाडि़यों ने उत्साह से भाग लिया। प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स में खिलाडि़यों ने दमखम दिखाया। 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ के जूनियर बालक वर्ग में कुसमी के उमेश ने दोहरी जीत दर्ज की,वहीं सीनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रामचन्द्रपुर के जितेन्द्र और 200 मीटर में बलरामपुर के धीरज सिंह प्रथम रहे। 400 मीटर दौड़ में शंकरगढ़ के कुलदीप तथा बलरामपुर के सुनील कुमार और निर्मला ने बाजी मारी। शंकरगढ़ के प्रवीण पैकरा ने भाला फेंक और लंबी कूद,दोनों में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कुसमी की मुस्कान तिर्की गोला फेंक और भाला फेंक के सीनियर बालिका वर्ग में अव्वल रहीं। वॉलीबॉल के सीनियर बालक वर्ग में राजपुर तथा सीनियर महिला वर्ग में वाड्रफनगर की टीम विजेता बनी, वहीं रस्साकसी के सीनियर महिला वर्ग में शंकरगढ़ ने जीत हासिल की। बैडमिंटन एकल और युगल मुकाबलों में बलरामपुर के खिलाडि़यों का दबदबा रहा। दूसरे दिन तीरंदाजी में वाड्रफनगर के खिलाडि़यों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 मीटर और 50 मीटर के अधिकांश व्यक्तिगत तथा सभी टीम स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। रागिनी नेताम और सुमन सिंह ने दोनों दूरियों में स्वर्णिम सफलता अर्जित की। खो-खो में वाड्रफनगर ने तीन वर्गों में तथा रामचन्द्रपुर ने जूनियर बालिका वर्ग में खिताब जीता। बास्केटबॉल के जूनियर वर्ग में बलरामपुर और सीनियर वर्ग में वाड्रफनगर विजेता रहे। बालिका फुटबॉल के दोनों वर्गों में शंकरगढ़ की टीम ने जीत दर्ज की, वहीं कुश्ती में भी शंकरगढ़ के पहलवानों ने विभिन्न भार वर्गों में अधिकतम पदक अपने नाम किए। कराटे में वाड्रफनगर के खिलाड़ी अधिकांश वर्गों में अव्वल रहे। अंतिम दिन कबड्डी और हॉकी के रोमांचक मुकाबले खेले गए। समापन अवसर पर अतिथियों ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने का सशक्त मंच है। उन्होंने विजेता खिलाडि़यों को संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि,जिला प्रशासन के अधिकारी,खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, निर्णायकगण,प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी तथा खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur