
‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ अग्रसेन भवन से रंगमंच तक निकला मार्च,जनसभा में अनुराग सिंह देव,लक्ष्मी राजवाड़े सहित नेताओं ने कांग्रेस पर साधा निशाना
-संवाददाता-
सूरजपुर 05 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। कांग्रेस द्वारा चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर उठाए जा रहे सवालों के विरोध में भाजपा ने सूरजपुर में बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन किया,भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन के नेतृत्व में आयोजित महा-प्रदर्शन और विशाल जनसभा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी,कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए, प्रदर्शन का मुख्य नारा‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’रहा,भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर‘वोट चोरी’के आरोपों के जरिए जनता के बीच भ्रम फैलाने और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन की शुरुआत भैयाथान रोड स्थित अग्रसेन भवन से हुई, यहां एकत्रित भाजपा कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर पैदल मार्च में शामिल हुए,पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए केतका रोड स्थित रंगमंच पहुंची, जहां इसका समापन विशाल जनसभा के रूप में हुआ,इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी राजनीतिक प्रतिक्रिया दर्ज कराई। प्रदर्शन में ‘एसआईआर रोकना एक बहाना है,घुसपैठियों को बचाना है’ जैसे नारे भी लगाए गए।
लक्ष्मी राजवाड़े ने एसआईआर के विरोध पर उठाए सवाल-कैबिनेट मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रहित और पारदर्शी व्यवस्था से जुड़े कार्यों में बाधा डालना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है, उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया का विरोध करने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया में रोड़े अटकाने से गलत तरीके से मतदाता सूची में शामिल नामों की पहचान प्रभावित हो सकती है,उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े विषयों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
संगठन को मजबूत रखने और घर-घर जवाब देने का आह्वान-भाजपा के संभागीय संगठन प्रभारी अवधेश चंदेल और जिला संगठन प्रभारी शिवनाथ यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक एकजुटता पर जोर दिया,उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के अधिकारों के मुद्दे पर सजग है, कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे कांग्रेस के आरोपों और भाजपा के पक्ष को लेकर घर-घर तक संवाद स्थापित करें तथा जनता के बीच तथ्यों के साथ अपनी बात रखें।
अनुराग सिंह देव ने कहा…चुनावी हार से बौखलाई कांग्रेस
मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला,उन्होंने कहा कि चुनावों में लगातार मिल रही पराजय से कांग्रेस बौखलाई हुई है,अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देखकर वह ‘वोट चोरी’ का नैरेटिव गढ़कर चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास कर रही है,उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और युवा पीढ़ी को भ्रमित करने की कोशिशों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में भ्रम फैलाने का लगाया आरोप
विधायक शकुंतला पोर्ते एवं विधायक भुलन सिंह मरावी ने कहा कि कांग्रेस ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है,उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ऐसे प्रयासों का जवाब देंगे और जनता के बीच वास्तविक स्थिति रखेंगे, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कहा कि देश के नेतृत्व में भारत विभिन्न क्षेत्रों में मजबूती से आगे बढ़ रहा है,उनके अनुसार विपक्षी दल इस प्रगति से असहज होकर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।
जिलाध्यक्ष ने संगठन की एकजुटता पर दिया जोर
भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने कहा कि सूरजपुर जिले का संगठन और कार्यकर्ता जनहित,लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा राष्ट्रहित के मुद्दों पर संघर्ष के लिए तैयार हैं,उन्होंने कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी को संगठन की एकजुटता और सक्रियता का परिचायक बताया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, वरिष्ठ नेता भीमसेन अग्रवाल,पूर्व जिलाध्यक्ष अजय गोयल,बाबूलाल अग्रवाल,रामकृपाल साहू सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री,जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं सदस्य,जनपद पंचायतों और स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे,भाजपा का यह प्रदर्शन केवल एक विरोध कार्यक्रम नहीं,बल्कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच जिले में संगठन की ताकत दिखाने का प्रयास भी रहा। एक ओर भाजपा कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए एसआईआर के समर्थन में खड़ी है,वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे चुनावी पारदर्शिता के सवालों पर राजनीतिक बहस जारी है,ऐसे में मतदाता सूची की शुद्धता, प्रक्रिया की पारदर्शिता और सभी पक्षों का भरोसा बनाए रखना चुनावी व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण विषय बना हुआ है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur