-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला एपीके फाइल के झांसे में आकर साइबर ठगी का शिकार हो गई। महिला के खाते से साइबर ठगों ने 5 लाख 58 हजार 348 रुपये उड़ा दिए। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक,गांधीनगर थाना क्षेत्र के गोधनपुर वार्ड 5 की शांति गुप्ता पति सुरेन्द्र प्रसाद गुप्ता (51) का आईसीआईसीआई बैंक में खाता है,जो उनके मोबाइल नंबर से लिंक है और वह उसी नंबर से फोन पे का संचालन करती है। 1 नवंबर को उसके खाते में 5 लाख 58 हजार 829 रुपये थे। 2 नवंबर को जब वह फोन पे से रुपये ट्रांसफर कर रही थी तो नहीं हुआ। शक होने पर जब उन्होंने फोन पे और बैंक स्टेटमेंट चेक किया तो होश उड़ गए,खाते में सिर्फ 481 रुपये शेष थे। फोन पे का हिस्ट्री देखने पर पता चला कि 1 से 2 नवंबर के बीच बिना उनकी सहमति के कई बार में 5 लाख 58 हजार 348 रुपये अलग-अलग खातों और ऐप में ट्रांसफर कर लिए गए हैं।
मोबाइल को ठग कर लिए थे हैक
महिला ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके इसकी शिकायत की। वहां से उन्हें दो एकनालेजमेंट नंबर मिले। साइबर टीम ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर एपीके फाइल के जरिए एक लिंक भेजा था। अनजाने में उस लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल का कंट्रोल ठगों के पास चला गया और खाता खाली हो गया। पीडि़ता ने गांधीनगर थाना में अपराध दर्ज कराई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur