Breaking News

अम्बिकापुर@घुसपैठियों के नाम पर लोकतंत्र को खतरे में डाल रहा विपक्ष : विजय शर्मा

Share


भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’पदयात्रा में उमड़ी भीड़,एसआईआर और वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा…


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। भाजपा के राष्ट्रव्यापी अभियान‘लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ’के तहत गुरुवार को सरगुजा भाजपा ने शहर में विशाल पदयात्रा निकालकर आमसभा आयोजित की। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और विपक्षी दलों पर घुसपैठियों के समर्थन में खड़े होकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एसआईआर जैसी संवैधानिक प्रक्रिया को लेकर विपक्ष भ्रम फैला रहा है और बांग्लादेश व नेपाल जैसे हालात पैदा करने की कोशिश कर रहा है। पदयात्रा पीजी कॉलेज मैदान से शुरू होकर अंबेडकर चौक,गांधी चौक और घड़ी चौक होते हुए कलाकेन्द्र मैदान पहुंची। यहां आयोजित आमसभा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा,कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल,छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव,सांसद चिंतामणि महाराज सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। पदयात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि एसआईआर पर चर्चा की जरूरत है,लेकिन कांग्रेस और विपक्षी दल इसे लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष बांग्लादेश और नेपाल जैसे हालात का हवाला देकर युवाओं को सडकों पर उतारकर सत्ता हासिल करना चाहता है। बाबा साहेब के संविधान में विदेशी नागरिकों को मतदान का अधिकार नहीं देने का प्रावधान है। इसके बावजूद विपक्ष घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में बनाए रखने के पक्ष में खड़ा है। शर्मा ने कहा कि एसआईआर के दौरान हटाए गए 13 करोड़ नामों का हिसाब मांगा जा रहा है,जबकि उनके अनुसार इनमें करीब तीन करोड़ ऐसे मतदाता थे,जो सत्यापन के लिए सामने नहीं आए और न ही उनके संबंध में किसी ने दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस फर्जी और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने का विरोध कर रही है। कांग्रेस जहां चुनाव जीतती है,वहां वोट चोरी का मुद्दा नहीं उठाती, लेकिन हारने पर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करने लगती है। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में एसआईआर के दौरान 27 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए और पूरी प्रक्रिया दावा-आपत्ति के प्रावधानों के तहत संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को मजबूत करने और घुसपैठियों को बाहर करने के लिए प्रतिबद्ध है।
संसद में हंगामा कर अराजकता फैला रहा विपक्ष : सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि देश में अराजकता की स्थिति नहीं है,बल्कि विपक्षी दल जानबूझकर ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। संसद की कार्यवाही बाधित करने से लेकर युवाओं को भ्रमित करने तक विपक्ष का रवैया लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुकूल नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का संवैधानिक तरीका है। जनता आने वाले चुनावों में ऐसे कृत्यों का जवाब देगी।
राहुल गांधी पर साधा निशाना,ऑपरेशन सिंदूर का भी किया जिक्र
छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि विदेशी ताकतों के सहयोग से देश में लोकतंत्र को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नकारात्मक नैरेटिव बनाकर भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया,उनके खिलाफ विपक्ष षड्यंत्र कर रहा है। श्रीवास्तव ने कहा कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है। देश में पहले भी कई बार यह प्रक्रिया हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कभी बैलेट तो कभी ईवीएम पर सवाल उठाकर चुनाव प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाते हैं। उन्होंने शायराना अंदाज में राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा,‘उम्र भर गालिब यही भूल करता रहा,धूल चेहरे पर थी और आईना साफ करता रहा।’उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता और जनता ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देंगे।
आपातकाल के
दौर की याद दिलाई

भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने अतीत में भी लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया है। देश ने आपातकाल का दौर देखा है,जब नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचल दिया गया था। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना लोकतंत्र को मजबूत करने की आवश्यक प्रक्रिया है। भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर एसआईआर को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का जवाब देंगे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष और अरुणा सिंह ने किया। विधायक एवं कार्यक्रम प्रभारी प्रबोध मिंज ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक राजकुमार टोप्पो,महापौर मंजूषा भगत,जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह,जिला सह प्रभारी सुनील गुप्ता,बस्तर संभाग सह प्रभारी हरपाल सिंह भामरा,पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह,वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर सहित भाजपा के मंडल एवं मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@राजीव गांधी पीजी कॉलेज में आयोजित हुई विकसित भारत युवा संसद,युवाओं ने रखे विचार

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,05 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में मेरा युवा भारत …

Leave a Reply