Breaking News

अम्बिकापुर@युवाओं के आक्रोश की सबसे बड़ी वजह रोजगार की चिंता,निबंधों में छलका असंतोष

Share

सेवा किटी समूह की प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के साथ केंद्रीय जेल में निरुद्ध युवाओं ने भी रखे विचार


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। युवाओं में बढ़ते आक्रोश के पीछे आखिर कौन से कारण जिम्मेदार हैं और इसका समाधान कैसे संभव है? इस गंभीर विषय पर विद्यार्थियों ने अपनी लेखनी के माध्यम से विचार रखे। सेवा किटी समूह द्वारा आयोजित महाविद्यालय एवं हाईस्कूल स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में सामने आया कि युवाओं के बढ़ते असंतोष की एक बड़ी वजह रोजगार की तलाश,बेरोजगारी और भविष्य को लेकर अनिश्चितता है। खास बात यह रही कि इस वर्ष केंद्रीय जेल में निरुद्ध युवाओं ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने विचार साझा किए।
रोजगार और भविष्य की चिंता को बताया आक्रोश की वजह
स्वतंत्र भारत में युवा आक्रोश के कारण और निदान विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने युवाओं की समस्याओं, सामाजिक परिस्थितियों और उनके समाधान को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। निबंधों के अवलोकन से यह बात उभरकर आई कि युवाओं में बढ़ते असंतोष को समझने के लिए रोजगार के अवसरों और उनकी अपेक्षाओं पर गंभीरता से विचार करना होगा। केवल युवाओं के आक्रोश पर सवाल उठाने के बजाय उसके मूल कारणों का निदान भी जरूरी है।
मनोरंजन से आगे बढ़कर समाजसेवा की पहचान बना सेवा किटी समूह : पुरस्कार वितरण समारोह संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग डॉ. राजेश कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य शासकीय कन्या शाला की प्राचार्य श्रीमती अपर्णा दुबे,संरक्षिका डॉ. श्रीमती पुष्पा सोनी एवं रंजय स्वर्णकार के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित हुआ। मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। संस्थापिका वंदना दत्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए वर्ष 2019 से समूह द्वारा निरंतर किए जा रहे सेवा एवं जनहित के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से स्वतंत्रता दिवस पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
किटी का मतलब केवल मनोरंजन नहीं,सेवा भी है : मुख्य अतिथि डॉ. राजेश कुमार सिंह ने कहा कि अब तक किटी का अर्थ मनोरंजन ही समझा जाता था,लेकिन शहर की महिलाओं ने सेवा किटी के माध्यम से समाजहित के कार्यों की नई मिसाल पेश की है। इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति,रचनात्मकता और अभिव्यक्ति को मंच मिलता है। समूह ने सामाजिक सरोकारों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है,जो प्रेरणादायक है। उन्होंने समूह के‘परवाज’कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि बालक-बालिकाओं के बीच सार्थक संवाद स्थापित कर उन्हें जीवन में नई दिशा देने का निशुल्क प्रयास प्रशंसनीय है।
शिक्षा संस्थानों ने भी जताई सहभागिता की प्रतिबद्धता
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. अंजन सिंह ने कहा कि शिक्षा महाविद्यालय के प्रशिक्षार्थी भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं में सहभागी रहेंगे। उन्होंने सेवा किटी समूह के आयोजन को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। श्रीमती अपर्णा दुबे एवं डॉ. पुष्पा सोनी ने कहा कि सेवा किटी समूह के मंच से गृहिणी महिलाओं को समाजसेवा के साथ अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है। यह अच्छी पहल है।
निशुल्क चाय सेंटर और अभिरुचि केंद्र के कार्यों की सराहना
अतिथियों ने जिला चिकित्सालय में समूह द्वारा संचालित निशुल्क चाय सेंटर एवं अभिरुचि केंद्र जैसे स्थायी सेवा कार्यों की सराहना की। समारोह में निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। वहीं तीज उत्सव की विजेताओं ज्योति द्विवेदी,डॉ. पुष्पा सोनी,सत्या दुबे,मधु चौदह एवं स्मिता तिवारी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संतोष पांडे,जया तिवारी,लिली बसु,कुंजबाला जायसवाल,सरिता भाटिया,रश्मि गुप्ता,पूनम जायसवाल,श्रद्धा खेरपांडे,नीलिमा गोयल,ज्योति अग्रवाल, नीलिमा मिश्रा, बलविंदर टूटेजा,वंदना सिंह,दीपमाला सिंह,तुलसी शर्मा,नमिता चावला,अल्पना मिश्रा,चंदा सिंह एवं नीलू त्रिपाठी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। शिक्षा महाविद्यालय,गर्ल्स कॉलेज,पीजी कॉलेज,होलीक्रॉस स्कूल,विक्टोरिया पब्लिक स्कूल,सरस्वती शिशु मंदिर,मल्टीपरपज एवं पुलिस लाइन हाईस्कूल के लगभग 100 विद्यार्थी और शिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@राजीव गांधी पीजी कॉलेज में आयोजित हुई विकसित भारत युवा संसद,युवाओं ने रखे विचार

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,05 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में मेरा युवा भारत …

Leave a Reply